Breaking

Your Ads Here

Sunday, August 30, 2026

कैंट के दो प्रमुख नालों के निर्माण को मिली मंजूरी

 


-₹67.73 करोड़ से 2 लाख से अधिक लोगों को मिलेगा लाभ

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। कैंट विधानसभा क्षेत्र में जलभराव और जलनिकासी की वर्षों पुरानी समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में बड़ी सफलता मिली है। कैंट विधायक अमित अग्रवाल के प्रयासों से शासन के नगर विकास विभाग ने दो प्रमुख नालों के निर्माण की परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इन दोनों परियोजनाओं पर कुल 67.73 करोड़ रुपये की लागत आएगी।


विधायक अमित अग्रवाल द्वारा नगर आयुक्त को पत्रांक संख्या 5872, 21 अप्रैल 2026 तथा पत्रांक संख्या 6039 व 6040/वि.मे.कैंट/दिनांक 03 जुलाई 2026 के माध्यम से नगर विकास मंत्री उप्र एवं प्रमुख सचिव को पत्र लिखकर और व्यक्तिगत रूप से भेंट कर नगर के प्रमुख नालों के चौड़ीकरण एवं पक्कीकरण की मांग की गई थी। विधायक ने महानगर व छावनी क्षेत्र की बढ़ती जनसंख्या, नए आवासीय क्षेत्रों और कॉलोनियों के विकास के कारण पुराने व संकरे नालों की क्षमता कम होने से उत्पन्न जलभराव की समस्या को प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने बरसात में होने वाली समस्याओं के समाधान के लिए नालों के पक्काकरण व कवर्ड नाला निर्माण की मांग की थी। विधायक अमित अग्रवाल ने दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं की स्वीकृति के लिए नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा एवं प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया।


रोहटा रेलवे क्रॉसिंग से ईदगाह तक कवर्ड नाला

रोहटा रेलवे क्रॉसिंग से ईदगाह तक वाया सिटी रेलवे रोड, जैन नगर एवं आनंदपुरी होते हुए 1.575 किमी लंबे कवर्ड आरसीसी नाले का निर्माण होगा। लागत 25.14 करोड़ रुपये आएगी। इससे लगभग 65 हजार नागरिकों को लाभ मिलेगा। लाभान्वित वार्ड - फाजलपुर वार्ड-25, गोलाबड़ वार्ड-22, जैन नगर वार्ड-42 तथा छावनी क्षेत्र हैं।


जली कोठी क्रॉसिंग से बच्चा पार्क तक कवर्ड नाला व कॉरिडोर

जली कोठी क्रॉसिंग से बच्चा पार्क तक 0.75 किमी लंबे आरसीसी कवर्ड नाले का निर्माण 42.59 करोड़ रुपये की लागत से होगा। इससे सवा लाख से अधिक नागरिक, नगर निगम के 3 वार्ड और छावनी के 3 वार्ड लाभान्वित होंगे। लाभान्वित क्षेत्र - जली कोठी, थापर नगर, पटेल नगर, सदर के वार्ड नं. 3,4,5, बेगमपुल, सोतीगंज आदि हैं। यह नाला पूर्ण रूप से कवर्ड होगा। नाले के ऊपर शहीद स्मारक चौक से पटेल नगर पुलिया तक लगभग 300 मीटर लंबे कॉरिडोर (लिंक मार्ग) का निर्माण किया जाएगा, जो पूर्व में प्रस्तावित एलिवेटेड रोड का विकल्प होगा। इससे आवागमन सुगम होगा और यातायात व्यवस्था में सुधार होगा।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here