नित्य संदेश ब्यूरो
नई दिल्ली। नमो भारत में स्वच्छता के अपने सतत प्रयासों के तहत एनसीआरटीसी द्वारा सराय काले खाँ नमो भारत स्टेशन एवं हज़रत निज़ामुद्दीन रेलवे स्टेशन को जोड़ने वाले फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) पर थूकने के विरुद्ध जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के दौरान, यात्रियों को सार्वजनिक जगहों पर साफ़-सफ़ाई बनाए रखने के महत्व के बारे में जागरूक किया जा रहा है। उन्हें बताया जा रहा है कि सार्वजनिक जगहों, जिनमें मास ट्रांज़िट इंफ्रास्ट्रक्चर भी शामिल है, पर च्युइंग गम, गुटखा, पान, तंबाकू आदि थूकना निषेध है। आज भारत अपने आधुनिक और तकनीकी रूप से उन्नत सार्वजनिक परिवहन प्रणाली के लिए विश्व भर में अपनी अलग पहचान स्थापित कर रहा है, ऐसे में इनकी साफ़-सफ़ाई और गरिमा बनाए रखना सभी नागरिकों की सामूहिक ज़िम्मेदारी है। इस प्रकार की गतिविधियां न केवल सार्वजनिक अवसंरचना को नुकसान पहुंचाती हैं, बल्कि इनसे गंदगी फैलती है, अन्य यात्रियों को असुविधा होती है तथा इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ-साथ देश की छवि को भी धूमिल करती हैं। अभियान के तहत स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों के विरुद्ध लागू प्रावधानों के अनुसार जुर्माना भी लगाया जा रहा है। 30 जुलाई 2026 तक सराय काले खां एफओबी पर मेट्रो रेलवे (संचालन एवं रखरखाव) अधिनियम, 2002 की धारा 59 के तहत कुल 56 चालान काटे जा चुके हैं।
नमो भारत यात्री कॉरिडोर पर साफ़-सफ़ाई बनाए रखने के लिए हमेशा जागरूक रहे हैं और इसे अपनी ज़िम्मेदारी समझते हैं। कई यात्री स्वयं लोगों को गंदगी फैलाने से रोकते हैं और स्टेशन परिसर को साफ़ रखने के लिए पहल भी करते हैं। हालाँकि, इसके बावजूद भी सार्वजनिक जगहों पर थूकने और कचरा फैलाने की घटनाएँ सामने आती रहती हैं। स्टेशनों पर डस्टबिन तथा पेपर क्यूआर टिकटों के निस्तारण हेतु विशेष संग्रह बॉक्स उपलब्ध होने के बावजूद कुछ यात्री स्टेशन परिसर में पेपर क्यूआर टिकट एवं प्लास्टिक कचरा इधर-उधर फेंक देते हैं। वहीं, पान, गुटखा आदि के दाग भी कई स्थानों पर दिखाई देते हैं, जो सार्वजनिक जगहों को साफ़-सुथरा बनाए रखने के लिए जन-जागरूकता और सामूहिक भागीदारी की निरंतर आवश्यकता को दर्शाते हैं।
एनसीआरटीसी स्टेशन परिसरों एवं ट्रेनों में नियमित रूप से स्वच्छता अभियान संचालित करने के साथ-साथ पूरे कॉरिडोर में नागरिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देने हेतु जागरूकता अभियान भी चलाती है। यात्रियों को स्वच्छता बनाए रखने के लिए स्टेशनों एवं ट्रेनों में नियमित रूप से घोषणाएं भी की जाती हैं। इसके अलावा, यात्रियों में सामूहिक ज़िम्मेदारी की भावना प्रेरित करने के लिए 'नो योर नमो भारत' जैसी पहल भी की जाती हैं। नमो भारत प्रणाली में तंबाकू एवं शराब को साथ लेकर चलना या उनका सेवन करना पूर्णतः प्रतिबंधित है। साथ ही, स्वच्छता नियमों के उल्लंघन एवं सार्वजनिक संपत्ति को क्षति पहुंचाने के मामलों में संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत दंड का प्रावधान है।
एनसीआरटीसी सतत जागरूकता अभियानों एवं स्वच्छता नियमों के प्रभावी प्रवर्तन के माध्यम से यात्रियों में जिम्मेदार नागरिक व्यवहार को प्रोत्साहित करने के लिए प्रयासरत है। सार्वजनिक परिवहन में स्वच्छता एक सामूहिक जिम्मेदारी है। इसलिए सभी यात्रियों से अनुरोध है कि वे निर्धारित दिशानिर्देशों का पालन करें तथा स्वच्छ, स्वस्थ और सुखद यात्रा वातावरण के निर्माण में अपना सक्रिय सहयोग दें।


No comments:
Post a Comment