भारतीय ज्ञान परंपरा के अंतर्गत राष्ट्रीय रसायन विज्ञान दिवस मनाया गया
नवीन मौर्य
नित्य संदेश, इंदौर। माँ कनकेश्वरी देवी शासकीय महाविद्यालय, नंदानगर, इंदौर में क्षेत्र क्रमांक-2 के लोकप्रिय विधायक रमेश मेंदोला के संरक्षण एवं जनप्रतिनिधि चंदू राव शिंदे तथा प्राचार्य मेजर डॉ. संजय सोहनी के मार्गदर्शन में भारतीय ज्ञान परंपरा के अंतर्गत आचार्य प्रफुल्ल चंद्र राय की जयंती पर राष्ट्रीय रसायन विज्ञान दिवस मनाया गया।
क्षेत्र क्रमांक-2 के लोकप्रिय विधायक रमेश मेंदोला ने कहा, भारतीय वैज्ञानिकों की विरासत नई पीढ़ी को नवाचार के लिए प्रेरित करती है। जनप्रतिनिधि चंदू राव शिंदे ने बताया भारतीय ज्ञान परंपरा युवाओं को अपनी वैज्ञानिक जड़ों से जोड़ती है।
प्राचार्य मेजर डॉ. संजय सोहनी ने कहा, प्राचीन भारतीय ग्रंथ ज्ञान-विज्ञान का अमूल्य भंडार हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से भारतीय ज्ञान परंपरा का अध्ययन कर उसे आधुनिक विज्ञान से जोड़ने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता डॉ. सरला बिलोनिया ने आचार्य प्रफुल्ल चंद्र राय के जीवन, संघर्ष, वैज्ञानिक उपलब्धियों तथा उनकी प्रसिद्ध पुस्तक हिस्ट्री ऑफ हिंदू केमिस्ट्री के महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. पायल जैन ने भारतीय रसायन विज्ञान के विकास में आचार्य प्रफुल्ल चंद्र राय के योगदान एवं भारतीय ज्ञान परंपरा की वैज्ञानिक दृष्टि से विद्यार्थियों को परिचित कराया।
इस अवसर पर भारतीय विज्ञान एवं उद्योग विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को मेजर डॉ. संजय सोहनी ने पुरस्कृत किया। प्रशासनिक अधिकारी डॉ. स्मिता चैतन्य सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. निशांत मिश्रा ने किया तथा डॉ. प्रियंका ढलवानी ने आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं 67 विद्यार्थियों की सहभागिता रही।



No comments:
Post a Comment