नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। 2 सितंबर को प्रस्तावित मेरठ बंद को लेकर रविंद्र गुर्जर के आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में शामिल होने जा रहे मेरठ व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष शैंकी वर्मा को पुलिस द्वारा रोक दिए जाने का मामला सामने आया है।
पुलिस द्वारा रोके जाने के विरोध में शैंकी वर्मा अपने ही आवास के गेट पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित प्रेस वार्ता में जाने से रोकना लोकतंत्र की आवाज को दबाने का प्रयास है। शैंकी वर्मा ने कहा कि "मैं पुलिस का सहयोग करते हुए कंपनी बाग चौराहे पर चल रही पंचायत में नहीं जा रहा था, बल्कि अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रविंद्र गुर्जर के आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में शामिल होने जा रहा था। उसके बावजूद मुझे रोकना गलत है।"
उन्होंने कहा कि 2 सितंबर का मेरठ बंद किसी व्यक्ति विशेष की लड़ाई
नहीं, बल्कि व्यापारियों, रोजगार और मेरठ के लाखों लोगों के हितों की लड़ाई है। प्रशासन
को दमन और दबाव की नीति छोड़कर व्यापारियों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए। शैंकी
वर्मा ने स्पष्ट कहा, "हमें घर में रोककर हमारी आवाज नहीं रोकी जा सकती। हम डरने
वाले नहीं हैं और 2 सितंबर को व्यापारियों की आवाज पूरी मजबूती से उठेगी।"

No comments:
Post a Comment