नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष विनीत अग्रवाल शारदा ने श्रावण मास के पावन अवसर पर शनिवार को मेरठ के विभिन्न विशाल शिव कांवड़ सेवा शिविरों का भ्रमण किया।
शास्त्री नगर एल-ब्लॉक स्थित 35वें विशाल शिव कांवड़ सेवा शिविर, जिसका आयोजन पूर्व पार्षद संजीव अग्रवाल द्वारा किया गया, में वे मुख्य अतिथि के रूप में पहुँचे। वहाँ उन्होंने भगवान भोलेनाथ का विधिवत पूजन-अर्चन कर शिविर का शुभारंभ किया। इसके पश्चात श्री शारदा ने दिल्ली रोड, गढ़ रोड, एनएच-58 सहित नगर के अनेक कांवड़ सेवा शिविरों में पहुँचकर कहीं मुख्य अतिथि, कहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में तो कहीं सेवाभाव से शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा में भाग लिया तथा आयोजकों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में श्री शारदा ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की सनातन परंपरा, सेवा, अनुशासन और सामाजिक समरसता का विराट उत्सव है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण और भगवान शिव की यह पावन भूमि सनातन संस्कृति की आत्मा है और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करना प्रत्येक सरकार का दायित्व है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कांवड़ यात्रा के लिए किए जा रहे प्रबंधों, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं के सम्मान की सराहना करते हुए श्री शारदा ने कहा कि आज शिवभक्तों का स्वागत पुष्पवर्षा से किया जाता है और उनकी सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएँ की जा रही हैं। वर्तमान में धार्मिक आयोजनों को सुचारु रूप से संपन्न कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सनातन धर्म किसी के विरोध का नहीं, बल्कि सेवा, सद्भाव, करुणा और राष्ट्रनिर्माण का मार्ग है। मेरठ में संचालित विशाल कांवड़ सेवा शिविर इस जीवंत परंपरा का प्रमाण हैं, जहाँ समाज का प्रत्येक वर्ग निस्वार्थ भाव से शिवभक्तों की सेवा में जुटा है। अंत में श्री शारदा ने भगवान भोलेनाथ से देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, सामाजिक सौहार्द तथा सभी नागरिकों के कल्याण की कामना करते हुए सभी कांवड़ सेवा शिविरों के आयोजकों एवं शिवभक्तों का अभिनंदन किया।
No comments:
Post a Comment