Breaking

Your Ads Here

Friday, August 7, 2026

तेंदुए की दहशत से वन संरक्षक और डीएफओ ने किया निरीक्षण

 


-कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा को लेकर वन विभाग हुआ अलर्ट

नित्य संदेश ब्यूरो

हस्तिनापुर। वन क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी से कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा को लेकर वन विभाग अलर्ट हो गया है। शुक्रवार को वन संरक्षक आदर्श कुमार और प्रभागीय निदेशक वंदना फोगाट ने तेंदुआ प्रभावित क्षेत्र खेती मनिहार और कांवड़ मार्ग का गहन स्थलीय निरीक्षण किया।


निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मौके पर मौजूद वनकर्मियों से क्षेत्र की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली और कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार का मानव-वन्यजीव संघर्ष न हो, इसके लिए चौबीसों घंटे सतर्कता जरूरी है। वन संरक्षक आदर्श कुमार ने निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग से सटे जंगल के किनारों पर निर्धारित Leopard Repellent Spray का छिड़काव कराया जाए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित और प्रभावी गश्त बढ़ाई जाए। डीएफओ वंदना फोगाट ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने वनकर्मियों को संवेदनशील पॉइंट्स पर लगातार निगरानी रखने और तेंदुए की मूवमेंट की किसी भी सूचना पर तत्काल एक्शन लेने के निर्देश दिए।


टीम कर रही लगातार निगरानी

क्षेत्रीय वन अधिकारी खुशबू उपाध्याय के निर्देशन में हस्तिनापुर वन विभाग की टीम द्वारा लगातार जन-जागरूकता अभियान, गश्त और तेंदुए की तलाश का कार्य किया जा रहा है। विभाग ने ग्रामीणों और कांवड़ यात्रियों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और तेंदुए से जुड़ी कोई भी सूचना तुरंत वन विभाग को दें। विभाग को मिली ताजा जानकारी के अनुसार, तेंदुए की मूवमेंट अब मुजफ्फरनगर की ओर भूमा क्षेत्र में देखी गई है। वन विभाग इसकी पुष्टि और निगरानी में जुटा है। निरीक्षण के दौरान अंकित यादव, ऋषभ सिंह, अतुल स्वामी, राजेश्वर, खुशीराम, धर्मेंद्र ढाका सहित वन विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।


वन विभाग की अपील

कांवड़ यात्री और स्थानीय लोग जंगल के किनारे बेवजह न रुकें, रात में अकेले जंगल की ओर न जाएं। तेंदुआ दिखने पर उसके पास जाने, पीछा करने या भीड़ लगाने से बचें और तुरंत वन विभाग को सूचना दें।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here