विद्या यूनिवर्सिटी में हुआ ‘युवा संवाद-2026’ का भव्य आयोजन
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। बागपत रोड स्थित विद्या यूनिवर्सिटी में सोमवार को ‘युवा संवाद-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। इस संवाद सत्र का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी में वैचारिक चेतना जागृत करना और राष्ट्र के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम की शुभारंभ मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।
‘युवा संवाद-2026’ में मुख्य वक्ता के रूप में सह क्षेत्र प्रचार प्रमुख तपन कुमार ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की रीढ़ होते हैं। आज का युवा केवल कल का भविष्य नहीं, बल्कि आज का नीति-निर्माता भी है। विचारों के सही समागम से ही एक सशक्त और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण संभव है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक उत्तरदायित्वों को समझने और राष्ट्रवाद की भावना को आत्मसात करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि के रूप में विद्या यूनिवर्सिटी के प्रति कुलाधिपति विशाल जैन ने कहा कि विद्या यूनिवर्सिटी हमेशा से छात्रों के सर्वांगीण विकास और उन्हें नैतिक मूल्यों से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। इस संवाद और वैचारिक विमर्श से छात्रों को जो नई दिशा मिली है, वह उनके उज्ज्वल भविष्य का आधार बनेगी। कार्यक्रम के विशेष सत्र में युवाओं की कानूनी चेतना और राष्ट्र निर्माण में भूमिका को लेकर पूछे गये प्रश्नों के उत्तर में तपन कुमार ने अधिकारों के साथ-साथ नागरिक कर्तव्यों के संतुलन पर जोर दिया। उन्होंने तार्किक रूप से स्पष्ट किया कि औपनिवेशिक मानसिकता से मुक्त होकर संविधान के दायरे में कर्तव्यों का पालन करना ही सच्ची राष्ट्रभक्ति है। मुख्य वक्ता के इस व्यावहारिक और प्रेरणादायी उत्तर ने पूरे सभागार को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान यूनिवर्सिटी के विभिन्न संकायों के डीन डॉ. अमित कुमार श्रीवास्तव, डॉ. तरुण, डॉ.प्रेम शंकर मिश्रा के साथ प्राध्यापकों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। संवाद सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने राष्ट्र विकास और युवा नेतृत्व से जुड़े विषयों पर अपने विचार भी साझा किए। विचारों का समागम, भविष्य का निर्माण’ के ध्येय वाक्य के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में यूनिवर्सिटी के विभिन्न विभागों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों और गणमान्य अतिथियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को राष्ट्र निर्माण की शपथ दिलाई गई।
.jpeg)
.jpeg)
No comments:
Post a Comment