Breaking

Your Ads Here

Monday, August 31, 2026

जन्माष्टमी पर मेरठ रेंज में चाक-चौबंद सुरक्षा, 3500 जवान तैनात

 


-चार सितंबर को मनाया जाएगा पर्व, निकलेगी झांकियां और शोभायात्राएं

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। कृष्ण जन्माष्टमी पर्व के दृष्टिगत मेरठ परिक्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। परिक्षेत्रीय कार्यालय से जारी प्रेस नोट के अनुसार, इस वर्ष मुख्य पर्व 4 सितंबर को मनाया जाएगा। इस दौरान कई स्थानों पर अगले 6 दिनों तक मेले, झांकियों और शोभायात्राओं का आयोजन प्रस्तावित है।


पुलिस उपमहानिरीक्षक कलानिधि नैथानी ने बताया कि त्यौहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए रेंज में 3500 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसमें 6 अपर पुलिस अधीक्षक, 25 सीओ, 86 निरीक्षक, 635 उपनिरीक्षक, 1022 मुख्य आरक्षी, 1270 आरक्षी, 440 होमगार्ड/पीआरडी जवान और पीएसी की एक कंपनी शामिल है। सुरक्षा के लिए पूरे परिक्षेत्र को 24 जोन और 81 सेक्टरों में बांटा गया है, जबकि 60 क्यूआरटी टीमें गठित की गई हैं। परिक्षेत्र में कुल 104 शोभायात्राएं निकलेंगी, जिनमें मेरठ में 14, बुलंदशहर में 36, बागपत में 28 और हापुड़ में 26 शोभायात्राएं शामिल हैं। शोभायात्रा मार्गों पर 39 स्थानों को संवेदनशील के रूप में चिन्हित किया गया है। इसके अलावा 303 मंदिरों में जन्माष्टमी के कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें मेरठ में 186, बुलंदशहर में 44, बागपत में 35 और हापुड़ में 38 मंदिर शामिल हैं। 28 स्थानों पर भंडारे और अन्य कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं। महिलाओं की सुरक्षा के लिए 83 एंटी रोमियो स्क्वॉड सक्रिय की गई हैं।


अफवाहों पर नजर रखने के निर्देश

डीआईजी ने बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पीस कमेटी और धर्मगुरुओं के साथ 118, अन्य विभागों के साथ 108 और आयोजकों के साथ 106 गोष्ठियां आयोजित की जा चुकी हैं। सभी थाना प्रभारियों को शोभायात्रा मार्गों का भ्रमण करने, सीसीटीवी और वीडियोग्राफी की व्यवस्था सुनिश्चित करने और सोशल मीडिया पर अफवाहों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here