नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक कराकर मोटी रकम लेकर अभ्यर्थियों को पास कराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के एक शातिर सदस्य को सिविल लाइन पुलिस और स्वाट टीम ने गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया आरोपी पिछले दो साल से फरार चल रहा था और दिल्ली व यूपी में पहले भी जालसाजी के मामलों में जेल जा चुका है।
एसपी सिटी के अनुसार, 28 जून
2023 को एसटीएफ मेरठ यूनिट ने खुलासा किया था कि एक संगठित गिरोह प्रतियोगी परीक्षाओं
के पेपर लीक कराता है, फिर एक्सपर्ट से पेपर हल कराकर अभ्यर्थियों को फर्जी तरीके से
पास कराता है। इसके एवज में अभ्यर्थियों से लाखों रुपये वसूले जाते हैं। इस मामले में
सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच में बागपत के लुहारी गांव निवासी
अनुज उर्फ विवेक का नाम सामने आया था। वह घटना के बाद से ही फरार था। एसएसपी के निर्देश
पर चल रहे वांछित अभियान के तहत सिविल लाइन इंस्पेक्टर अरुण भाटी और स्वाट टीम प्रभारी
मनीष शर्मा की टीम ने उसे दबोच लिया।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, अनुज
शातिर जालसाज है। उसके खिलाफ बड़ौत थाने में 2015 में जालसाजी और नई दिल्ली के चाणक्यपुरी
क्राइम ब्रांच थाने में 2017 में धोखाधड़ी व गबन का केस दर्ज है। पुलिस अब उससे गैंग
के अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ कर रही है।

No comments:
Post a Comment