नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने आज राजकीय पश्चातवर्ती देखरेख संगठन, लालकुर्ती स्थित नारी निकेतन एवं सूरजकुंड बाल गृह पहुंचकर वहां निवासरत बच्चों और महिलाओं के साथ रक्षाबंधन का पर्व बड़े ही आत्मीय माहौल में मनाया।
इस दौरान बच्चों और महिलाओं ने जिलाधिकारी को राखी बांधी और जिलाधिकारी ने भी बच्चों को राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। जिलाधिकारी ने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई-लिखाई, स्वास्थ्य और दैनिक दिनचर्या के बारे में जानकारी ली और उनके साथ कुछ समय बिताया। उन्होंने बच्चों को उपहार और मिठाइयां भेंट की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह, प्रेम और सुरक्षा के संकल्प का पर्व है। ऐसे पर्वों पर समाज के हर वर्ग के साथ खुशियां साझा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नारी निकेतन एवं बाल गृह में रह रहे बच्चों और महिलाओं की आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा जाए और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। जिलाधिकारी के इस आत्मीय प्रयास से बच्चों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली और उन्होंने उत्साह के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया।

No comments:
Post a Comment