Breaking

Your Ads Here

Wednesday, August 26, 2026

अटल सभागार में गूंजा मातृशक्ति के सम्मान का संदेश

 


-सीएम ने किया 'अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा' योजना का शुभारंभ

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। रक्षाबंधन पर्व से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की महिलाओं को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री ने लखनऊ से 'लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा' योजना का शुभारंभ किया, जिसका सजीव प्रसारण चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के अटल सभागार में भी किया गया। अब प्रदेश में 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाएं रोडवेज की सामान्य बसों में आजीवन निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी।


बुधवार को अटल सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठ महिलाओं ने पहुंचकर मुख्यमंत्री के संबोधन को सुना। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यमंत्री जलशक्ति दिनेश खटीक ने कहा कि योजना के तहत पात्र महिलाओं के लिए परिवहन निगम द्वारा विशेष स्मार्ट कार्ड जारी किए जाएंगे। इससे वरिष्ठ महिलाओं को आर्थिक राहत के साथ सामाजिक, धार्मिक और पारिवारिक यात्राओं में सुविधा मिलेगी। विधायक सिवालखास गुलाम मोहम्मद ने कहा कि मुख्यमंत्री हर क्षेत्र को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं और रक्षाबंधन पर मातृशक्ति को सम्मान दिया है। मेयर हरिकांत अहलूवालिया ने कहा कि सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने कहा कि यह योजना वरिष्ठ महिलाओं के जीवन को सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह, मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, पीडी डीआरडीए सुनील कुमार सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक परिवहन निगम सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री और बड़ी संख्या में माताएं-बहनें उपस्थित रहीं।



महिलाएं बोलीं - उम्र भर याद रहेगा यह सम्मान

कार्यक्रम में पहुंची वरिष्ठ महिलाओं ने योजना का स्वागत किया। निशा ने कहा कि उम्र बढ़ने पर यात्रा खर्च चिंता बन जाता है, अब राहत मिलेगी। बिरमो, ऊषा, सुमन और राजबाला ने कहा कि सरकार ने बुजुर्ग महिलाओं की जरूरत समझी है, अब किराए की चिंता के बिना धार्मिक और पारिवारिक यात्राएं कर सकेंगी।



रक्षाबंधन पर 3 दिन सभी महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा

रक्षाबंधन के अवसर पर 27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की मध्य रात्रि तक प्रदेश की सभी महिलाओं को रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। इस दौरान महिला यात्री के साथ एक सहयात्री को भी मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने राज्यमंत्री, जनप्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी को राखी बांधी। जनप्रतिनिधियों ने महिलाओं द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और महिला पुलिसकर्मियों को उपहार किट प्रदान की गई।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here