विधायक अमित अग्रवाल ने विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता कर लिया समरसता का संकल्प
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘समरसता संकल्प अभियान’ के अंतर्गत मेरठ कैंट विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में मेरठ कैंट विधायक अमित अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए और श्रद्धालुओं के साथ सामाजिक समरसता, समानता एवं भाईचारे का संकल्प लिया।
विधायक अमित अग्रवाल ने कंकरखेड़ा मंडल स्थित प्राचीन श्री शिव मंदिर में पंडित सुरेश त्रिपाठी को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा फल एवं मिठाई भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके साथ ही सोफीपुर में आयोजित श्री शिवमहापुराण में सम्मिलित होकर पंडित अरविंद शास्त्री को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इसी क्रम में पटेल नगर मंडल के नेताजी नगर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में आयोजित कलश यात्रा में सम्मिलित होकर विधायक अमित अग्रवाल ने सामाजिक एकता एवं समरसता का संकल्प लिया। इस अवसर पर पंडित रविशंकर शास्त्री जी को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। वहीं गंगानगर मंडल के कसेरु खेड़ा स्थित प्राचीन शिव मंदिर में आयोजित कलश यात्रा में भी विधायक अमित अग्रवाल ने सहभागिता की और श्रद्धालुओं के साथ सामाजिक समरसता एवं एकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर विधायक अमित अग्रवाल ने कहा कि “संत शिरोमणि गुरु रविदास जी का जीवन और उनके विचार भारतीय समाज को समानता, भाईचारे, सेवा और सामाजिक समरसता का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने समाज को ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता एवं एकता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनके आदर्शों को आत्मसात कर एक समरस और सशक्त समाज का निर्माण करना हम सभी का दायित्व है।” उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का ‘समरसता संकल्प अभियान’ समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने और सामाजिक एकता को और मजबूत करने का संकल्प है। गुरु रविदास जी के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाना तथा उनके आदर्शों के अनुरूप समाज में भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। कार्यक्रमों में संबंधित मंडलों के मंडल अध्यक्ष, पदाधिकारी, पार्षदगण, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment