-तेज़, विश्वसनीय
और समयबद्ध यात्रा के साथ वरदान साबित हो रही नमो भारत
लियाकत मंसूरी
नित्य संदेश, मेरठ।
कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शहर के कई मुख्य मार्गों को आमजन
के लिए बंद कर दिया गया है। सड़कों पर यातायात का आवागमन बाधित होने से सड़क यात्रा
अत्यंत चुनौतीपूर्ण एवं अप्रत्याशित हो गई है। ऐसे में अपनी तेज़, विश्वसनीय और समयबद्ध
यात्रा के साथ नमो भारत इस क्षेत्र के लिए वरदान साबित हो रही है और कॉरिडोर पर लगातार
बढ़ रही यात्री संख्या इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है।
मीडिया प्रवक्ता
ने बताया कि गाज़ियाबाद नमो भारत स्टेशन पर यात्री संख्या में 50 प्रतिशत से अधिक तक
की बढ़ोतरी देखी जा रही है, और औसतन 15 से 20 हज़ार यात्री दैनिक रूप से यहाँ से यात्रा
कर रहे हैं। वहीं, इस क्षेत्र के अन्य स्टेशनों पर भी यात्री संख्या में काफ़ी वृद्धि
हुई है। मुरादनगर और गुलधर स्टेशनो पर भी यात्री संख्या में समान वृद्धि देखी जा रही
है, वहीं मोदीनगर स्थित नमो भारत स्टेशनों पर भी लगभग 40 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज
की गई है। मेरठ में कई मेट्रो स्टेशनों जैसे ब्रम्हपुरी, मेरठ सेंट्रल और मेरठ नॉर्थ
पर भी यात्रियों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है। गाज़ियाबाद, आनंद विहार और बेगमपुल
नमो भारत स्टेशन इस दौरान कॉरिडोर के व्यस्ततम स्टेशनों के रूप में बने हुए हैं। कॉरिडोर पर कुछ नमो भारत स्टेशनों
के चुनिंदा प्रवेश-निकास द्वारों को प्रशासनिक निर्देशों के अनुसार बंद किया गया है
लेकिन यात्री उनके अन्य द्वारों से प्रवेश कर यात्रा सेवा का लाभ ले रहे हैं। कुछ यात्रियों
ने बातचीत के दौरान बताया कि वे पहले बस से यात्रा करते थे लेकिन अब नमो भारत से यात्रा
कर रहे हैं। इससे वे आरामदायक एवं विश्वसनीय रूप से समय पर अपने गंतव्य तक पहुँच पा
रहे हैं।
3 अगस्त को दर्ज
हुआ रिकार्ड
इस बीच 3 अगस्त
2026 को, लगभग 1.5 लाख यात्रियों के साथ दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर अब तक की
सबसे अधिक औसत दैनिक यात्री संख्या भी दर्ज की गई। उल्लेखनीय है कि यह इस पावन श्रावण
मास का पहला सोमवार था। आने वाले दिनों में यात्री संख्या में और बढ़ोतरी संभावित है।
इससे पहले, सबसे अधिक दैनिक राइडरशिप का आंकड़ा 8 जून 2026 को दर्ज किया गया था, जब
लगभग 1,25,500 यात्रियों ने सफ़र किया था।
सही साबित हुआ अनुमान
एनसीआरटीसी को पहले
से ही अनुमान था कि कांवड़ यात्रा के दौरान यात्रियों की संख्या में भारी बढ़ोतरी हो
सकती है। इसीलिए उनकी सुविधा सुनिश्चित करने के लिए, 30 जुलाई से 14 अगस्त 2026 के
बीच नमो भारत कॉरिडोर पर एक दिन में 52 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स परिचालित की जा रही
हैं। इन अतिरिक्त ट्रिप्स के साथ यात्रियों के लिए हर 8 मिनट में ट्रेन उपलब्ध हैं।
ये ट्रिप पूरे नमो भारत कॉरिडोर पर, यानी सराय काले खां से मोदीपुरम के बीच चलाई जा
रही हैं। आवश्यकता पड़ने पर एनसीआरटीसी ट्रेन सेवाओं की फ़्रीक्वेंसी को और बढ़ा सकता
है। ट्रेनों की इस बढ़ी हुई फ़्रीक्वेंसी से दैनिक यात्रियों, छात्रों और ऑफ़िस जाने
वालों के लिए विशेष रुप से लाभ पहुँच रहा है।


.jpeg)
No comments:
Post a Comment