Breaking

Your Ads Here

Sunday, August 30, 2026

21 अक्टूबर को गूंजेगा ‘अखंड भारत’ का संकल्प, मेरठ में उद्योगपतियों व समाजसेवियों ने लिया महापर्व को भव्य बनाने का संकल्प

 


‘अखंड भारत का स्वतंत्रता दिवस महापर्व’ केवल एक सामान्य आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक समरसता और युवा पीढ़ी में राष्ट्रीय मूल्यों के संवर्धन का व्यापक जन-जागरण अभियान है - डॉ. अतुल कृष्ण


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय, भारत विकास परिषद, एवं नेताजी सुभाष चंद्र समिति के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 21 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले ‘अखंड भारत के स्वतंत्रता दिवस महापर्व-2026’ को भव्य एवं व्यापक स्वरूप प्रदान करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। महापर्व की विस्तृत रूपरेखा, विभिन्न कार्यक्रमों तथा जनसहभागिता को लेकर मेरठ के प्रमुख उद्योगपतियों, समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों के साथ द मार्स रिसॉर्ट में एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में महापर्व को राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना और युवा जागरण का व्यापक अभियान बनाने को लेकर महत्वपूर्ण सुझावों पर विचार-विमर्श किया गया।


संगोष्ठी में सुभारती समूह के संस्थापक एवं महापर्व के प्रणेता डॉ. अतुल कृष्ण, भारत विकास परिषद, हस्तिनापुर प्रांत के अध्यक्ष डॉ. सरल माधव, महापर्व आयोजन समिति के अध्यक्ष कर्नल राजेश त्यागी, एसएम (सेनि.), नेताजी सुभाषचंद्र बोस समिति के अध्यक्ष एवं सुप्रसिद्ध उद्योगपति-समाजसेवी अजय गुप्ता सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए सुभारती समूह के संस्थापक डॉ. अतुल कृष्ण ने कहा कि ‘अखंड भारत का स्वतंत्रता दिवस महापर्व’ केवल एक सामान्य आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक समरसता और युवा पीढ़ी में राष्ट्रीय मूल्यों के संवर्धन का व्यापक जन-जागरण अभियान है। उन्होंने कहा कि 21 अक्टूबर को आयोजित होने वाला यह महापर्व भारत की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय एकता और अखंड भारत की भावना को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने सभी उद्योगपतियों, समाजसेवियों, शिक्षण संस्थानों एवं नागरिकों से आह्वान किया कि अधिक से अधिक विद्यार्थियों और युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ प्रस्तावित जनजागरण रैली को भी सफल बनाने में सक्रिय सहयोग करें। डॉ. अतुल कृष्ण ने विश्वास व्यक्त किया कि शिक्षण संस्थानों, विद्यार्थियों और समाज की सामूहिक सहभागिता से यह महापर्व राष्ट्रीय चेतना को नई ऊर्जा प्रदान करेगा तथा विकसित, आत्मनिर्भर और सांस्कृतिक रूप से सशक्त भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। महापर्व आयोजन समिति के अध्यक्ष कर्नल राजेश त्यागी, एसएम (सेनि.) ने आयोजन की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि महापर्व का मूल उद्देश्य विद्यार्थियों को नेताजी सुभाषचंद्र बोस के जीवन, विचारों और राष्ट्र समर्पण से जोड़ना है। इसके साथ ही युवाओं में राष्ट्रीय एकता, समर्पण, चिंतनशीलता और कर्मशीलता की भावना विकसित करना भी आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि आयोजन के माध्यम से विश्वविद्यालय की कार्यसंस्कृति के चार वैचारिक स्तंभ—शिक्षा, सेवा, संस्कार एवं राष्ट्रीयता—को विद्यार्थियों के बीच प्रभावी ढंग से स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा। भारत विकास परिषद, हस्तिनापुर प्रांत के अध्यक्ष डॉ. सरल माधव ने कहा कि स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय एवं भारत विकास परिषद द्वारा आयोजित ‘अखंड भारत स्वतंत्रता महापर्व’ युवाओं में राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक चेतना और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता का सशक्त अभियान है। उन्होंने बताया कि 21 अक्टूबर को विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के साथ विशाल जनजागरण रैली का भी आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों से अधिक से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन नई पीढ़ी में राष्ट्र निर्माण, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और मजबूत करेगा।



भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय गतिविधि सह-संयोजक अनुराग डबलिश ने कहा कि यह आयोजन भारत की स्वतंत्रता में अमूल्य योगदान देने वाले मां भारती के अमर सपूत नेताजी सुभाषचंद्र बोस के अखंड भारत के स्वप्न को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग में राष्ट्रीय चेतना के विकास को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए भारत विकास परिषद की पूरी टीम की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। नेताजी सुभाषचंद्र बोस जन्म जयंती समारोह समिति के अध्यक्ष एवं मेरठ के सुप्रसिद्ध उद्योगपति व समाजसेवी अजय गुप्ता ने नेताजी सुभाषचंद्र बोस के स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान तथा मेरठ में उनकी विरासत को सहेजने एवं संरक्षित करने के लिए समिति द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
उन्होंने डॉ. अतुल कृष्ण के विचारों एवं प्रयासों की सराहना करते हुए ‘अखंड भारत महापर्व-2026’ के आयोजन में नेताजी सुभाषचंद्र बोस जन्म जयंती समारोह समिति की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।


नेताजी सुभाष चंद्र समिति के अध्यक्ष अजय गुप्ता जी ने कहा कि नेताजी सुभाषचंद्र बोस का राष्ट्रप्रेम, त्याग और अखंड भारत का सपना आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। ‘अखंड भारत महापर्व-2026’ के माध्यम से नेताजी के विचारों और राष्ट्रभक्ति की भावना को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का यह सराहनीय प्रयास है। इस महापर्व की सफलता के लिए समिति पूर्ण सहयोग प्रदान करेगी। कार्यक्रम का संचालन महापर्व आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं सुभारती डिफेंस अकादमी के निदेशक कर्नल राजेश त्यागी, एसएम (सेनि.) ने किया। कार्यक्रम का समापन आईएनए गान के साथ हुआ।


इस अवसर पर कवि सुमनेश सुमन, अनिल अज्ञात, लता जी, श्याम मोहन, अवधेश त्यागी, प्रो. (डॉ.) मोनिका मेहरोत्रा, समीर सिंह, अजित कुमार, डॉ. सरिता त्यागी, रजनीश त्यागी, दीपक शर्मा, अरुण जिंदल, अजय तोमर, शुभम त्यागी सहित भारत विकास परिषद के पदाधिकारी, उद्योगपति, समाजसेवी एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here