Breaking

Your Ads Here

Monday, August 3, 2026

मेरठ में कांवड़ियों का हंगामा, 2 पुलिसकर्मियों को जीप से खींचकर पीटा, वर्दी फाड़ी


नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। कांवड़ यात्रा के बीच मेरठ से बड़ी खबर सामने आई है। यहां कांवड़ियों की भीड़ ने दो पुलिसकर्मियों को बुरी तरह पीट दिया। कांवड़ियों ने पुलिस जीप से बाहर खींचकर दोनों पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की और उनके कपड़े तक फाड़ दिए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

कैसे हुई घटना?
जानकारी के मुताबिक, मामला मेरठ के दौराला का है। बताया जा रहा है कि एक बाइक सवार व्यक्ति की बाइक से कांवड़ियों को टक्कर लग गई। इससे एक कांवड़िए को चोट आई और कांवड़ खंडित होने की बात को लेकर कांवड़िए आक्रोशित हो गए। इसी दौरान किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही नजदीकी थाने से 2 पुलिसकर्मी सादा कपड़ों में पुलिस जीप लेकर मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मी जब तक मौके पर पहुंचते, बाइक सवार आरोपी व्यक्ति वहां से भाग चुका था।

सादा वर्दी बनी मारपीट की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सादा कपड़ों में होने की वजह से कांवड़ियों ने दोनों पुलिसकर्मियों को पहचान नहीं पाया और उन्हें ही आरोपी का साथी समझ लिया। गुस्साई भीड़ ने दोनों को पुलिस जीप से बाहर खींच लिया और लाठी-डंडों से पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान भीड़ ने पुलिसकर्मियों के कपड़े फाड़ दिए और जीप में भी तोड़फोड़ की कोशिश की। काफी देर तक हंगामा होता रहा।

पुलिस ने क्या कहा?
घटना की सूचना मिलते ही थाने से अतिरिक्त पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और किसी तरह दोनों पुलिसकर्मियों को भीड़ से बचाया। दोनों घायल पुलिसकर्मियों को मेडिकल के लिए भेजा गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। कांवड़ियों की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरे खंगाले जा रहे हैं। वहीं बाइक सवार आरोपी की भी तलाश जारी है जिसने कांवड़ियों को टक्कर मारी थी।

पुलिस ने कांवड़ियों से अपील की है कि अफवाह पर ध्यान न दें और कानून अपने हाथ में न लें। कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन पहले से ही हाई अलर्ट पर है और कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here