नवीन मौर्य
नित्य संदेश, इंदौर। होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन जिला इंदौर द्वारा दिनांक 08 जुलाई 2026 को राला मंडल स्थित प्रशिक्षण केंद्र में होमगार्ड मुख्यालय एवं जिला प्रशासन के आदेशानुसार हवाई हमलों से बचाव एवं आपदा प्रबंधन विषयक कैप्सूल प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम श्रीमती प्रीतिबाला सिंह, डिवीजनल कमांडेंट, होमगार्ड संभाग इंदौर के मार्गदर्शन तथा श्रीमती मधु राजेश तिवारी, डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट, होमगार्ड इंदौर एवं श्री सुमत जैन, डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट, SDERF इंदौर के निर्देशन में संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को हवाई हमलों की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों, सायरन बजने पर की जाने वाली आवश्यक कार्यवाही, ब्लैकआउट के दौरान सुरक्षा उपाय, हवाई हमलों के समय बचाव एवं राहत कार्य तथा आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में होमगार्ड, SDERF, सिविल डिफेंस वॉलेंटियर्स एवं आमजन सहित लगभग 170 प्रशिक्षणार्थियों ने सहभागिता की। प्रशिक्षण को अधिक प्रभावी एवं व्यावहारिक बनाने के उद्देश्य से डेमो एवं मॉक ड्रिल का आयोजन कर प्रतिभागियों को रेस्क्यू एवं आपदा प्रबंधन की विभिन्न तकनीकों का अभ्यास भी कराया गया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में जनसामान्य एवं स्वयंसेवकों को जागरूक, प्रशिक्षित एवं सक्षम बनाना रहा, जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किया जा सके।




No comments:
Post a Comment