Breaking

Your Ads Here

Tuesday, July 7, 2026

इंदौर पुलिस के ‘Safe Click 2.0’ अभियान के तहत छात्राओं एवं महिलाओं को किया, महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराधों के प्रति किया जागरूक

• महिला सुरक्षा के साथ साइबर सुरक्षा का भी दिया संदेश


नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। साइबर अपराधों के प्रति जन जागरूकता हेतु संचालित ‘Safe Click 2.0’ अभियान के तहत पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के दिशा निर्देशन में इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा लगातार नित नए प्रयास कर विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही है।


इसी परिप्रेक्ष्य में महिलाओं को महिला सुरक्षा के साथ-साथ साइबर सुरक्षा के प्रति भी व्यापक रूप से जागरूक करने के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (महिला सुरक्षा) सुश्री संध्या राय एवं उनकी टीम द्वारा  वैष्णव बाल मंदिर गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल, सांदीपनी शासकीय अहिल्याश्रम गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल तथा पारले बिस्किट फैक्ट्री, बाणगंगा, इंदौर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रमों में छात्राओं एवं महिला कर्मचारियों को महिला अपराधों की रोकथाम, महिलाओं के कानूनी अधिकार, आत्मरक्षा, आपातकालीन हेल्पलाइन तथा किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न अथवा हिंसा की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं को निर्भीक होकर अपराधों की सूचना देने एवं कानून द्वारा उपलब्ध सुरक्षा तंत्र का प्रभावी उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।


इस अवसर पर ‘Safe Click 2.0’ अभियान के तहत साइबर सुरक्षा विषय पर भी विशेष जोर दिया गया। उपस्थित छात्राओं एवं महिलाओं को  डिजिटल अरेस्ट, फर्जी बैंक कॉल, ओटीपी फ्रॉड, क्यूआर कोड स्कैम, फेक जॉब ऑफर, सोशल मीडिया हैकिंग, फिशिंग  ब्लैकमेलिंग, ऑनलाइन निवेश के नाम पर होने वाली ठगी तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। साथ ही बताया गया कि किसी भी प्रकार का साइबर क्राइम होने पर घबराने के बजाय तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें अथवा cybercrime.gov.in पर साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कर समय पर सहायता प्राप्त करें।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने महिला एवं साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों द्वारा सरल एवं व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से समाधान किया गया। साथ ही सभी से स्वयं जागरूक रहने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here