नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। वृहद पौधरोपण अभियान एवं वन महोत्सव–2026 के अंतर्गत सामाजिक वानिकी प्रभाग द्वारा चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र भारद्वाज ने सहभागिता करते हुए ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर धर्मेंद्र भारद्वाज ने कहा कि प्रकृति संरक्षण केवल पर्यावरण की आवश्यकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और समृद्ध भविष्य का आधार है। वृक्ष हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन, स्वच्छ वातावरण और प्राकृतिक संतुलन प्रदान करते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक का यह नैतिक दायित्व है कि वह अधिक से अधिक वृक्ष लगाए और उनकी देखभाल भी सुनिश्चित करे।
उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान केवल पौधरोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि अपनी माँ के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपनी माँ के नाम कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएँ तथा उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करने का संकल्प लें।
धर्मेंद्र भारद्वाज ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य एक ऐतिहासिक हरित महायज्ञ है। यह अभियान जनभागीदारी से ही सफल होगा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक नया कीर्तिमान स्थापित करेगा। उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों, युवाओं, विद्यार्थियों एवं नागरिकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ, हरित एवं समृद्ध उत्तर प्रदेश के निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर जिला पंचायत राज अधिकारी वीरेंद्र सिंह, पर्यावरणविद् डॉ. मधु वत्स, लक्ष्य सहित अनेक गणमान्य नागरिक, अधिकारी एवं पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment