नित्य संदेश ब्यूरो
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा, उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर बासित अली ने आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर प्रदेश के समसामयिक सामाजिक, राजनीतिक एवं जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत एवं सकारात्मक चर्चा हुई।
भेंट के दौरान कुंवर बासित अली ने मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में स्थापित हुए सुशासन, कानून-व्यवस्था, निवेश, विकास एवं सामाजिक समरसता की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आज देश के अग्रणी राज्यों में अपनी अलग पहचान बना चुका है। प्रदेश में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था की मजबूती एवं आमजन में सुरक्षा की भावना पहले की अपेक्षा कहीं अधिक सुदृढ़ हुई है, जिससे प्रत्येक नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस कर रहा है।
कुंवर बासित अली ने मुख्यमंत्री का मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करते हुए प्रदेश के विकास, सामाजिक सौहार्द, अल्पसंख्यक समाज के कल्याण तथा संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार भी साझा किए।
इस अवसर पर कुंवर बासित अली ने रटौल का विश्वविख्यात आम मुख्यमंत्री को भेंट स्वरूप प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने आत्मीयता के साथ यह भेंट स्वीकार करते हुए रटौल के आम की गुणवत्ता एवं विश्व प्रसिद्ध पहचान की सराहना की।
भेंट के दौरान कुंवर बासित अली ने वक्फ नंबर 19 दरगाह हज़रत सैय्यद सालार मसूद गाज़ी रहमतुल्लाह अलैह, बहराइच से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार के मामलों का विषय भी माननीय मुख्यमंत्री जी के समक्ष रखा। उन्होंने अनुरोध किया कि वक्फ की संपत्तियों, आय एवं प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े सभी आरोपों की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच कराई जाए तथा यदि जांच में कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध बिना किसी भेदभाव के कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे वक्फ की संपत्तियों की सुरक्षा हो तथा आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत हो।
कुंवर बासित अली ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर कार्य कर रही है। उन्हें पूर्ण विश्वास है कि सरकार वक्फ से जुड़े इस प्रकरण में भी निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नेतृत्व प्रदेश के करोड़ों लोगों के लिए विश्वास, सुशासन, सुरक्षा और विकास का प्रतीक है तथा भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता उनके नेतृत्व में प्रदेश को और अधिक सशक्त एवं समृद्ध बनाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रहा है।
No comments:
Post a Comment