रवि गौतम
नित्य संदेश, परीक्षितगढ़। परीक्षितगढ़ इंटर कॉलेज, परीक्षितगढ़ में विज्ञान क्लब के तत्वावधान में विज्ञान एवं नवाचार प्रदर्शनी का भव्य एवं प्रेरणादायी आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार, अनुसंधान एवं रचनात्मक चिंतन को प्रोत्साहित करना था। इस अवसर पर छात्रों ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी पर आधारित विविध मॉडल एवं परियोजनाओं का आकर्षक एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिन्हें उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं निर्णायक मंडल द्वारा अत्यंत सराहा गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भूतपूर्व चेयरमैन अमित मोहन ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि "वैज्ञानिक सोच, नवाचार एवं सृजनात्मकता ही विकसित भारत की सशक्त नींव है।" उन्होंने विद्यार्थियों को जिज्ञासु प्रवृत्ति अपनाने, निरंतर प्रयोग करने तथा विज्ञान के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र की समस्याओं के समाधान खोजने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य लवकेश कुमार रुहेला ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुसंधान की भावना, आत्मविश्वास एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का विकास करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रदर्शनी का मूल्यांकन निर्णायक मंडल के सदस्य शिवप्रताप सिंह, सुभाष एवं अजय कुमार द्वारा निर्धारित मानकों के आधार पर निष्पक्ष रूप से किया गया।
प्रतियोगिता के परिणामों में सीनियर वर्ग में वंश परीक्षित ने प्रथम तथा ईशाम रिज़वी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं जूनियर वर्ग में लव कुमार ने प्रथम एवं कार्तिक ने द्वितीय स्थान अर्जित कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट परिचय दिया। विजेता विद्यार्थियों को प्रधानाचार्य श्री लवकेश कुमार रुहेला द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया
प्रधानाचार्य ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विज्ञान क्लब प्रभारी श्री दुष्यन्त कुमार व मुख्य अतिथि, निर्णायक मंडल, प्रतिभागी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार की शैक्षिक, वैज्ञानिक एवं नवाचारपरक गतिविधियों का नियमित आयोजन करने के लिए प्रेरित किया।

No comments:
Post a Comment