Breaking

Your Ads Here

Wednesday, July 1, 2026

नवप्रवेशित विद्यार्थी आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ अपने भविष्य की शुरुआत करें— रमेश मेंदोला

• माँ कनकेश्वरी देवी शासकीय महाविद्यालय में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का भारतीय परंपरा से स्वागत

नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर माँ कनकेश्वरी देवी शासकीय महाविद्यालय, इंदौर में नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ पर प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके पश्चात महाविद्यालय प्रशासन द्वारा भारतीय संस्कृति की परंपरा के अनुरूप नवप्रवेशित विद्यार्थियों का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया।                                   

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में क्षेत्र क्रमांक-2 के लोकप्रिय विधायक  रमेश मेंदोला, मुख्य अतिथि के रूप में तथा प्रख्यात मनोचिकित्सक डॉ. गार्गी शर्मा उपस्थित रहीं।

विशिष्ट अतिथि विधायक  रमेश मेंदोला ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी ही राष्ट्र का उज्ज्वल भविष्य हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा को जीवन की सबसे बड़ी पूंजी मानते हुए निरंतर परिश्रम,अनुशासन और संस्कारों के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज का विद्यार्थी ही कल का जिम्मेदार नागरिक और राष्ट्र निर्माता बनेगा। इस अवसर पर श्री मेंदोला ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को गुलाब की कली भेंट कर उनका स्वागत किया तथा कॉपी एवं पेन प्रदान कर उनके सफल शैक्षणिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुख्य अतिथि डॉ. गार्गी शर्मा ने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास एवं मानसिक स्वास्थ्य के महत्व से अवगत कराते हुए लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि कॉलेज जीवन में मानसिक स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है। स्वस्थ मन, संतुलित जीवनशैली और सकारात्मक सोच ही सफलता की मजबूत आधारशिला हैं।

क्षेत्र क्रमांक 2 के जनप्रतिनिधि चंदू शिंदे ने भी महाविद्यालय के विद्यार्थियों को शुभकामनाएं प्रेषित कर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में मेजर डॉ. संजय सोहनी ने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, नियमित अध्ययन तथा महाविद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेल एवं नवाचार गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

महाविद्यालय की प्रशासनिक अधिकारी डॉ. स्मिता चैतन्य ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों से महाविद्यालय की सभी शैक्षणिक एवं प्रशासनिक सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के सह-संयोजक डॉ. निशांत मिश्रा ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। डॉ. शैलेंद्र पिपरिया ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 एवं महाविद्यालय के कोड ऑफ कंडक्ट की जानकारी दी। डॉ. बाऊ पटेल ने राष्ट्रीय सेवा योजना की गतिविधियों, डॉ. पुष्पा पठौते ने छात्रवृत्ति योजनाओं, डॉ. बबीता अग्रवाल ने खेल गतिविधियों तथा डॉ. प्रेमलता चौरसिया ने पुस्तकालय की सुविधाओं की जानकारी विद्यार्थियों को दी।

कार्यक्रम के समापन पर महाविद्यालय के प्राचार्य मेजर डॉ. संजय सोहनी ने विशिष्ट अतिथि विधायक रमेश मेंदोला एवं मुख्य अतिथि डॉ. गार्गी शर्मा का स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया।

कार्यक्रम का संचालन सह-संयोजक डॉ. निशांत मिश्रा ने किया तथा अंत में कार्यक्रम संयोजक डॉ. पुष्पा पठौते ने सभी अतिथियों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here