-संयुक्त प्रेस क्लब की बैठक में पत्रकार एकता और अधिकारों की रक्षा का लिया गया संकल्प
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। संयुक्त प्रेस क्लब (रजि.) मेरठ की एक महत्वपूर्ण एवं आवश्यक
बैठक शनिवार को मंगल पांडे नगर स्थित मेरठ प्रेस क्लब में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार अशोक गोस्वामी ने की तथा
संचालन क्लब के महामंत्री धर्मेंद्र प्रताप सिंह तोमर ने किया। बैठक में पत्रकार
हितों, संगठन की उपलब्धियों, आगामी कार्यक्रमों तथा पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं
के समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए क्लब अध्यक्ष अतुल माहेश्वरी ने कहा कि संयुक्त प्रेस क्लब पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा एवं अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल औपचारिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि पत्रकारों की वास्तविक समस्याओं का समाधान कराना उसकी प्राथमिकता है। किसी भी पत्रकार के साथ अन्याय होने की स्थिति में संगठन उसके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा तथा आवश्यकतानुसार प्रशासनिक एवं विधिक स्तर पर प्रभावी पैरवी करेगा। अतुल माहेश्वरी ने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा, मूलभूत सुविधाओं, पहचान और सम्मान से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठन लगातार सक्रिय है तथा प्रशासन के साथ निरंतर संवाद स्थापित कर रहा है। उन्होंने सभी पत्रकारों से संगठन की मजबूती के लिए एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि किसी भी संगठन की सबसे बड़ी शक्ति उसकी एकता और सक्रिय सदस्यता होती है।
महामंत्री धर्मेंद्र प्रताप सिंह तोमर ने कहा कि संयुक्त प्रेस क्लब निरंतर पत्रकारों की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाता रहा है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज की आवाज होता है और उसकी सुरक्षा तथा सम्मान सुनिश्चित करना संगठन का दायित्व है। क्लब का प्रत्येक पदाधिकारी पत्रकारों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि संगठन द्वारा समय-समय पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपमहानिरीक्षक, जिलाधिकारी एवं नगर आयुक्त मेरठ को ज्ञापन देकर पत्रकारों से संबंधित विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की गई है, जिसके सकारात्मक परिणाम भी प्राप्त हुए हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी संगठन पत्रकारों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगा।
*संगठन की उपलब्धियों की सराहना*
बैठक में संगठन की उपलब्धियों की समीक्षा करते हुए सदस्यों ने संयुक्त प्रेस
क्लब की सक्रिय भूमिका पर संतोष व्यक्त किया। बताया गया कि क्लब के प्रयासों से
कमिश्नरी चौराहा मेरठ पर छह कुर्सी-बेंच स्थापित कराई गईं, जिससे पत्रकारों सहित आम नागरिकों को सुविधा प्राप्त
हो रही है। इसके अतिरिक्त सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, मेरठ कार्यालय में वाटर कूलर एवं पानी का फ्रिज
स्थापित कराया गया।
साथ ही मेरठ प्रेस क्लब, मंगल पांडे नगर परिसर में 16 सीटों वाली बेंच लगवाई गई तथा विशेष स्वच्छता अभियान
चलाकर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया गया। इसके अलावा अध्यक्ष अतुल माहेश्वरी एवं
महामंत्री धर्मेंद्र प्रताप सिंह तोमर की निगरानी एवं विशेष प्रयासों से मेरठ
प्रेस क्लब परिसर में कई वर्षों से खराब पड़े हैंडपंप को भी मरम्मत कराकर पुनः
चालू कराया गया, जिससे पत्रकारों एवं आगंतुकों
को स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध हो सकी। उपस्थित सदस्यों ने इन जनहितकारी एवं
पत्रकार हितैषी कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
बैठक में पत्रकारों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं, बीमा योजना, पहचान पत्र, पत्रकार सुरक्षा, प्रशिक्षण कार्यक्रम, प्रशासनिक समन्वय तथा पत्रकार कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। सदस्यों ने संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आने वाले समय में पत्रकार हितों की रक्षा, संगठन विस्तार तथा पत्रकारों की सुविधाओं में वृद्धि के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे तथा विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर ठोस प्रयास किए जाएंगे।
बैठक में संयुक्त प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष लियाकत मंसूरी, राजेंद्र प्रताप चौहान, अतुल माहेश्वरी, धर्मेंद्र प्रताप सिंह तोमर, रमेश सोनी, अशोक टाइगर, श्रीपाल तेवतिया, अशोक गोस्वामी, सुनील बादली, गौरव पांडेय, शालू शर्मा, ’ वंशिका शर्मा, माही कश्यप, मदन गोपाल, योगेश कौशिक, अहसान मुश्ताक, सुनील कुमार, राहुल गुप्ता, मुकेश कुमार गुप्ता, दिनेश कुमार सिंघल, प्रभास रस्तोगी, विभूति रस्तोगी, गौरव गोयल, सुनील शर्मा, मुन्ना, नदीम, एम.एच. खान, मोहम्मद नौशाद, मंगल उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का समापन पत्रकार एकता, संगठन की मजबूती तथा पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा एवं अधिकारों की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ।

No comments:
Post a Comment