रवि गौतम
नित्य संदेश, परीक्षितगढ़। क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय चितवाना शेरपुर में शनिवार को प्रधानाचार्य नीरज कुमार यादव के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा एवं जन-जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के अंतर्गत छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने परीक्षितगढ़ रोड से चितवाना गांव तक स्थित सिंचाई विभाग की दोनों पुलियों के आसपास उगी घनी घास को श्रमदान कर साफ किया।
प्रधानाचार्य नीरज कुमार यादव ने विद्यार्थियों को बताया कि बरसात के मौसम में पुलियों के दोनों ओर अत्यधिक घास उग जाने से ब्लाइंड स्पॉट बन जाते हैं, जिससे सामने से आने वाले वाहन या राहगीर दिखाई नहीं देते और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। विद्यार्थियों ने स्वयं श्रमदान करते हुए घास हटाकर संभावित दुर्घटनाओं के खतरे को कम करने का सराहनीय प्रयास किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने उन अभिभावकों एवं विद्यार्थियों की भी प्रशंसा की जिन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा डीबीटी के माध्यम से उपलब्ध कराई गई धनराशि से समय पर विद्यालयी यूनिफॉर्म खरीदकर बच्चों को स्वच्छ एवं सुसज्जित रूप में नियमित विद्यालय भेजा। अभियान में विद्यालय की शिक्षिकाएं रेखा, कांता एवं नीमा त्यागी तथा शिक्षक इलम सिंह, अंकित कुमार, हर्ष यादव एवं फिरोज सहित समस्त विद्यालय परिवार का विशेष सहयोग रहा

No comments:
Post a Comment