Breaking

Your Ads Here

Thursday, July 16, 2026

विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र भारद्वाज ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की मुलाकात, मेरठ शहर विधानसभा की बिजली व जलभराव की समस्याओं से कराया अवगत

नित्य संदेश ब्यूरो 
लखनऊ। विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र भारद्वाज ने आज लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर मेरठ शहर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं से उन्हें अवगत कराया।


धर्मेंद्र भारद्वाज ने मुख्यमंत्री के समक्ष विशेष रूप से शहर विधानसभा में व्याप्त बिजली की गंभीर समस्याओं, बार-बार होने वाली ट्रिपिंग, लो-वोल्टेज तथा विद्युत आपूर्ति में आ रही बाधाओं का विषय प्रमुखता से उठाया। इसके साथ ही उन्होंने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव की समस्या का भी विस्तृत विवरण प्रस्तुत करते हुए इसके स्थायी एवं प्रभावी समाधान की आवश्यकता पर बल दिया।


उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि शहर विधानसभा के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स क्षेत्र का स्तर सामान्य से काफी नीचे है तथा यह क्षेत्र यूपीसीडा के अंतर्गत आता है। यहां का जल दिल्ली रोड नाले में जाता है, जो आगे मुख्य नाले में मिलकर निकासी करता है। इसी प्रकार माधवपुरम क्षेत्र भी सामान्य स्तर से नीचे होने के कारण जलभराव से प्रभावित रहता है। इस क्षेत्र की निकासी भी दिल्ली रोड नाले पर निर्भर है, किंतु मेट्रो निर्माण के दौरान दिल्ली रोड नाले का निर्माण एवं सुधार कार्य पूर्ण रूप से नहीं हो सका, जिससे नाला प्रभावित हो गया। साथ ही कई स्थानों पर लोगों द्वारा नाले की चौड़ाई कम कर दिए जाने के कारण नियमित सफाई संभव नहीं हो पाती और जलभराव की समस्या और अधिक गंभीर हो जाती है।


धर्मेंद्र भारद्वाज ने बताया कि ब्रह्मपुरी क्षेत्र का अधिकांश पानी ओडियन नाले में जाता है, जो आगे काली नदी में मिलता है। काली नदी में जलस्तर बढ़ने पर कई बार बैक-फ्लो (Back-flow) होने लगता है, जिसके कारण ब्रह्मपुरी में भारी जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।


उन्होंने मुख्यमंत्री को यह भी बताया कि बच्चा पार्क क्षेत्र में वर्षों पुराना जल निकासी ढांचा (स्ट्रक्चर) है, जहां सात नालों का संगम एक ही स्थान पर होता है। इससे पानी की निकासी अत्यंत धीमी हो जाती है और थोड़ी सी वर्षा में भी जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है।


इसके अतिरिक्त डिफेंस कॉलोनी का भू-स्तर भी अपेक्षाकृत निम्न है। यहां आबू नाला-1 से पानी का बैक-फ्लो होने के कारण वर्षा के समय जलभराव की गंभीर समस्या बनी रहती है, जिससे स्थानीय नागरिकों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।


धर्मेंद्र भारद्वाज ने मुख्यमंत्री को बताया कि कांवड़ यात्रा प्रारंभ हो चुकी है और लाखों शिवभक्त मेरठ से होकर गुजरेंगे। ऐसे में यह अत्यंत आवश्यक है कि शहर में निर्बाध विद्युत आपूर्ति, प्रभावी जल निकासी व्यवस्था, नालों की समयबद्ध सफाई तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में आवश्यक पंपिंग एवं अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, जिससे कांवड़ यात्रियों एवं शहर विधानसभा के निवासियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने धर्मेंद्र भारद्वाज द्वारा उठाए गए विषयों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने, जल निकासी प्रणाली में सुधार करने तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में त्वरित एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।


धर्मेंद्र भारद्वाज ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शहर विधानसभा के नागरिकों की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद बिजली एवं जलभराव जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई होगी। साथ ही उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को वे सरकार के समक्ष निरंतर मजबूती से उठाते रहेंगे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here