नित्य संदेश ब्यूरो
सहारनपुर। भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक एवं श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट, उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष विनीत अग्रवाल शारदा आज सहारनपुर जनपद में नकुड़ के चेयरमैन श्री शिव कुमार गुप्ता के आवास पर आयोजित अग्रवाल समाज की विशाल सभा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अग्रवाल समाज सहारनपुर के अध्यक्ष श्री अनिल गर्ग ने तथा संयोजन श्री शिव कुमार गुप्ता ने किया। सभा में अग्रवाल समाज के उद्यमियों, व्यापारियों, मातृशक्ति एवं युवाओं सहित सैकड़ों की संख्या में अग्रवाल बंधुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। उपस्थित प्रमुख जनों में ट्रस्टी दीपक गुप्ता महानगर अध्यक्ष विशेष अग्रवाल, पार्षद संजय गर्ग, डिप्टी मेयर मैनक गर्ग, पार्षद अनिल अग्रवाल, योगेश बंसल, ऋतु बंसल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अपने संबोधन में भाजपा के वरिष्ठ नेता विनीत अग्रवाल शारदा ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का आदर्श जीवन, भगवान श्रीकृष्ण का लोककल्याण और महाराजा अग्रसेन जी का समाजवाद आज भी समाज को नई दिशा देने वाले प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट मेरठ में भव्य श्री अग्रोधाम का निर्माण करा रहा है, जिसका कार्य तीव्र गति से चल रहा है। इस धाम में महाराजा अग्रसेन जी का भव्य मंदिर, कुलदेवी मां लक्ष्मी का मंदिर, भगवान शिव-पार्वती परिवार मंदिर, 51 फुट ऊँची भगवान हनुमान जी की प्रतिमा, 50 बेड का आधुनिक चिकित्सालय, (निशुल्क सेवा रहेगी )वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्टूडियो अपार्टमेंट्स प्रतिदिन यज्ञ के लिए यज्ञशाला तथा एक साथ ४ परिवारों के लिए छप्पन-भोग प्रशाद की व्यवस्था विकसित की जा रही है।
विनीत शारदा ने कहा कि हरियाणा के हिसार स्थित महाराजा अग्रसेन जी की कर्मभूमि अग्रोहा धाम के बाद मेरठ का यह श्री अग्रोधाम पूरे भारत में समाज की एक नई पहचान और गौरव का केंद्र बनेगा। विनीत अग्रवाल शारदा ने कहा कि आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता अग्रवाल समाज की एकता, संगठन और सामूहिक शक्ति को पहचानने की है। वर्षों तक विभिन्न राजनीतिक दलों ने समाज का केवल उपयोग किया, अब समाज को स्वयं अपनी शक्ति और सम्मान के साथ खड़ा होना होगा। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी द्वारा स्थापित ह्यएक ईंटझ्रएक रुपयाह्ण का सिद्धांत विश्व के सर्वश्रेष्ठ समाजवादी आदर्शों में से एक है। श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट संकल्प लेता है कि श्री अग्रोधाम पूर्ण होने के बाद प्रदेश और देश में इस सिद्धांत को आधुनिक स्वरूप में लागू किया जाएगा, जिसके अंतर्गत किसी भी नगर, कस्बे या गांव में आने वाले आर्थिक रूप से कमजोर अग्रवाल परिवार को वहां का प्रत्येक अग्रबंधु एक निश्चित सहयोग राशि एवं एक ईंट देकर उसे आत्मनिर्भर, सम्मानित और स्वाभिमानी बनाने का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट पूरे उत्तर प्रदेश में संगठन का विस्तार कर रहा है तथा प्रदेश को 6 भाग में बाटा जा रहा हे ।
पश्चिम उत्तर प्रदेश, ब्रज, कानपुर-बुंदेलखंड, अवध, गोरखपुर और काशी क्षेत्रों में विभाजित कर क्षेत्रीय, जिला इकाई एवं नगर स्तर तक संगठन खड़ा किया जाएगा। इसी उद्देश्य से उन्होंने सहारनपुर के अग्रवाल बंधुओं से प्रदेश, क्षेत्र एवं जिला स्तर के दायित्वों के लिए नाम आमंत्रित किए, जिस पर उपस्थित समाजजनों ने दो दिनों में नाम उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट और श्री अग्रोधाम आने वाले समय में उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे भारत में समाज सेवा, संगठन और सनातन संस्कृति का नया इतिहास रचेंगे। विनीत अग्रवाल शारदा ने कहा कि आज देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व तथा उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास, सुशासन और सुरक्षा का नया युग स्थापित हुआ है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश अपराध, भय और माफियावाद से ग्रस्त था, जबकि आज अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई, एक्सप्रेस-वे, मेडिकल कॉलेज, एम्स, एयरपोर्ट, औद्योगिक विकास, निवेश, रोजगार और आधारभूत संरचना के अभूतपूर्व विस्तार ने उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बना दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की कि सावन माह की पवित्रता को ध्यान में रखते हुए पूरे प्रदेश में सावन के दौरान मांस एवं मदिरा की दुकानों को बंद रखने का निर्णय लिया जाए, जिससे श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों की धार्मिक आस्था का सम्मान हो सके। उन्होंने भावुक शब्दों में कहा, ह्लराष्ट्र मेरा धर्म है, पार्टी मेरी माँ है और अग्रवाल समाज व व्यापारी समाज मेरी आत्मा है। मेरी आत्मा के मान, सम्मान और स्वाभिमान पर यदि कभी आंच आएगी तो मेरे शरीर का एक-एक रक्तकण समाज के सम्मान की रक्षा के लिए समर्पित रहेगा।
कार्यक्रम के संयोजक शिव कुमार गुप्ता ने कहा कि श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट समाज को नई दिशा देने वाला संगठन बनकर उभर रहा है और सहारनपुर का अग्रवाल समाज संगठन विस्तार एवं श्री अग्रोधाम निर्माण में पूर्ण सहयोग देगा। उन्होंने समाज को संगठित होकर युवा पीढ़ी को संस्कार, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर विनीत अग्रवाल शारदा ने शिव कुमार गुप्ता को ट्रस्ट में महत्वपूर्ण प्रांतीय दायित्व संभालने का प्रस्ताव दिया, जिस पर उन्होंने सहर्ष अपनी सहमति व्यक्त की। सभा के अंत में उपस्थित सभी अग्रवाल बंधुओं ने समाज की एकता, सेवा, संगठन और श्री अग्रोधाम निर्माण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया।

No comments:
Post a Comment