अशोक कुमार
नित्य संदेश, मेरठ। मेरठ विकास प्राधिकरण (MDA) में भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला सामने आया है। मेरठ विकास प्राधिकरण में तैनात एक क्लर्क पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के गंभीर आरोप लगे हैं। इस संबंध में कैलाश कस्तूरी फाउंडेशन ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को पत्र लिखकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
फाउंडेशन के अध्यक्ष मनीष पराशर ने मुख्यमंत्री को भेजे गए शिकायती पत्र में आरोपों का काला चिट्ठा संलग्न किया है। उनका आरोप है कि मामूली वेतन पाने वाला एमडीए का एक क्लर्क आज करोड़ों रुपये की चल-अचल संपत्ति का मालिक बना बैठा है। मनीष पराशर ने बताया कि उक्त क्लर्क के पास मेरठ में आलिशान कोठी, डबल स्टोरी फ्लैट सहित कई बेनामी संपत्तियां हैं, जो उसकी ज्ञात आय के स्रोतों से कहीं अधिक हैं। आरोप पत्र में सभी संपत्तियों का ब्योरा दिया गया है।
फाउंडेशन ने बताया कि इससे पूर्व भी इस क्लर्क के विरुद्ध उच्च अधिकारियों से शिकायतें की गई थीं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सोमवार को फाउंडेशन ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर पूरे मामले की विजिलेंस और लोकायुक्त से जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।
No comments:
Post a Comment