Breaking

Your Ads Here

Monday, July 20, 2026

भारतीय योग संस्थान के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रांतीय प्रधान बने रविंद्र सिंह चौहान

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। भारतीय योग संस्थान के पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रांत को नया नेतृत्व मिल गया है। संस्थान के मुख्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, रोहिणी, नई दिल्ली में आयोजित प्रदेश स्तरीय बैठक में वरिष्ठ योग साधक रविंद्र सिंह चौहान को पश्चिमी उत्तर प्रदेश का प्रांतीय प्रधान घोषित किया गया।

राष्ट्रीय प्रधान देसराज गुप्ता ने उत्तर प्रदेश के समस्त जिला अध्यक्षों और निवर्तमान प्रांतीय प्रधान निर्मल जैन की उपस्थिति में उनके नाम की घोषणा की। घोषणा के साथ ही सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

संस्थान के जिला कार्यकारिणी सदस्य एवं मीडिया प्रभारी यशपाल शर्मा जांगिड़ ने बताया कि रविंद्र सिंह चौहान वर्ष 2000 से निरंतर भारतीय योग संस्थान से जुड़े हैं और निस्वार्थ भाव से योग का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। वे वर्ष 2009 से प्रांतीय मंत्री के दायित्व का निर्वहन कर रहे थे। उनकी निष्ठा और समर्पण को देखते हुए 19 जुलाई 2026 को उन्हें प्रांतीय प्रधान का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। उनके कुशल मार्गदर्शन में वर्तमान में पूरे प्रांत में 250 तथा मेरठ जनपद में 40 योग केंद्र पूर्ण रूप से निशुल्क संचालित हो रहे हैं।

आज प्रातः मेरठ आगमन पर सरस्वती शिशु मंदिर स्थित उनके मूल योग केंद्र पर स्थानीय पदाधिकारियों और साधकों ने माला, पटका पहनाकर और पुष्प वर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया। इसी अवसर पर जितेंद्र सिंह को दूसरे कार्यकाल के लिए प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य मनोनीत किया गया।

स्वागत समारोह में जिला मंत्री विपिन चौहान, क्षेत्रीय प्रधान शंभू दयाल वर्मा, जिला संगठन मंत्री बृजपाल सिंह सहित जय भगवान सिंघल, विपुल मित्तल, पूर्णिमा मल्होत्रा, डिंपल व अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में साधक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन नव-नियुक्त प्रधान रविंद्र सिंह चौहान द्वारा सभी का आभार व्यक्त करने, प्रसाद वितरण और शांति पाठ के साथ हुआ।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here