सही करियर चयन, कौशल विकास और तकनीकी दक्षता ही सफलता की कुंजी : शशांक मौर्य एवं अजय शाक्य
प्रमोद कुमार तेवतिया
नित्य संदेश, मोदीपुरम। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बावजूद नीलकंठ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स, मोदीपुरम में आयोजित भव्य कैरियर काउंसलिंग एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं का उत्साह चरम पर रहा। प्रतिकूल मौसम भी विद्यार्थियों के जोश को कम नहीं कर सका। प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए लगभग 150 विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने करियर, उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं रोजगार के अवसरों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से खुलकर संवाद किया और अपने भविष्य से जुड़े विभिन्न प्रश्नों के समाधान प्राप्त किए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रख्यात कैरियर काउंसलर श्री शशांक मौर्य एवं श्री अजय शाक्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय प्रतिस्पर्धा, नवाचार और तकनीकी बदलाव का युग है। ऐसे समय में केवल डिग्री हासिल करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को कौशल विकास, तकनीकी दक्षता, संचार क्षमता, नेतृत्व कौशल एवं व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी समय के साथ स्वयं को निरंतर अपडेट रखते हैं और नई तकनीकों को सीखते रहते हैं, वही भविष्य में सफलता की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करते हैं।
डायरेक्टर जनरल डॉ. योगेश भौमिया ने कहा कि सही समय पर मिला कैरियर मार्गदर्शन विद्यार्थियों के जीवन की दिशा और दशा दोनों बदल सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी प्रतिभा को पहचानने, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने तथा सकारात्मक सोच, अनुशासन और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
संस्थान के चेयरमैन बृजवीर सिंह ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर, सक्षम और जिम्मेदार नागरिक बनाना है। उन्होंने कहा कि नीलकंठ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, व्यक्तित्व विकास और व्यावसायिक दक्षता प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विद्यार्थियों से पुस्तकीय ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव, अनुसंधान एवं आधुनिक तकनीकों को अपनाने की अपील की।
डायरेक्टर, नीलकंठ विद्यापीठ डॉ. अमित गुप्ता एवं डायरेक्टर इंजीनियरिंग डॉ. विशाल कोहली ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आत्मविश्वास, अनुशासन और निरंतर परिश्रम ही सफलता की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर कठिन परिस्थितियों में भी निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने करियर चयन, उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, सरकारी एवं निजी क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों तथा विभिन्न प्रोफेशनल कोर्सों से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तारपूर्वक समाधान किया गया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का सम्मान किया गया तथा विद्यार्थियों ने ऐसे कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डीन शंभू मिश्रा, शुभम कश्यप, कपिल अग्रवाल, प्रियंका छाबड़ा, अरुण मित्तल तथा मीडिया को-ऑर्डिनेटर यशपाल चौधरी का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा। सभी के उत्कृष्ट समन्वय, समर्पण और अथक प्रयासों से कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी आयोजन संभव हो सका।
No comments:
Post a Comment