• मुख्य सचिव व डीजीपी ने की कांवड़ यात्रा तैयारी के संबंध में
समीक्षा बैठक
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराए जाने के लिए मुख्य
सचिव एसपी गोयल एवं डीजीपी राजीव कृष्ण की संयुक्त अध्यक्षता में मंडलायुक्त
सभागार में मेरठ, सहारनपुर, अलीगढ़, मुरादाबाद मंडल एवं उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा व राजस्थान राज्यों के
वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आहूत की
गयी।
भ्रमण के दौरान मुख्य सचिव ने बाबा औघड़नाथ मंदिर पहुंचकर कांवड़ से संबंधित सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा जलाभिषेक किया। वर्चुअल माध्यम से संबंधित पश्चिमी उप्र के जनपदों के अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा कार्यवाही से अवगत कराया। बैठक में पीपीटी के माध्यम से कांवड़ यात्रा के संबंध में आने वाली चुनौतियों एवं उनसे निपटने के लिए की गई तैयारियों के संबंध में मुख्य सचिव व डीजीपी के समक्ष प्रजेन्टेशन दिया। जनपद आगमन पर आयुक्त व एडीजी ने मुख्य सचिव एवं डीजीपी का मोमेन्टो, पौधा भेंटकर तथा शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया।
मुख्य सचिव एसपी गोयल ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराना शासन की
सर्वोच्च प्राथमिकता है, यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं
विशाल आयोजन है। इसे बिना किसी अप्रिय घटना एवं बिना किसी दुर्घटना के सफलतापूर्वक
सम्पन्न कराना हम सभी का साझा दायित्व है। इसके लिए सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों
एवं दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें। कांवड़ यात्रा के दौरान
सम्पूर्ण कांवड़ मार्ग एवं उससे जुड़े सभी प्रमुख स्थलों पर नियमित साफ-सफाई, स्वच्छता एवं सैनिटेशन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित
की जाए। कांवड़ शिविरों का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जाए। शिविरों
के लिए आवश्यक अनुमति, विद्युत कनेक्शन, अग्नि सुरक्षा, खाद्य सुरक्षा एवं अन्य सभी सुरक्षा मानकों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित किया
जाए।
कांवड़ यात्रा के दौरान प्रभावित न हो कानून व्यवस्था
डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी
भी चुनौतीपूर्ण स्थिति का तत्काल संज्ञान लेते हुए त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई
सुनिश्चित की जाए, जिससे कानून-व्यवस्था एवं
यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य मार्गों एवं एक्सप्रेस-वे के एंट्री एवं एग्जिट
प्वाइंट पर पर्याप्त संख्या में पुलिस एवं प्रशासनिक कार्मिक तैनात किए जाएं, ताकि मार्ग की जानकारी के अभाव में कांवड़ यात्री
भ्रमित न हों तथा उन्हें निर्धारित मार्ग पर सुरक्षित रूप से भेजा जा सके।
शिकायत पर की जाए तत्काल प्रभावी कार्रवाई
डीजे संचालन सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित ध्वनि मानकों के अनुरूप कराया
जाए। डीजे की ऊंचाई मानक के अनुरूप रहे। डीजे संचालकों के साथ पूर्व में बैठक कर
आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं तथा सत्यापन एवं चिन्हांकन की कार्रवाई समयबद्ध रूप
से पूर्ण की जाए। डीजे प्रतियोगिता, बिना साइलेंसर के वाहन संचालन, स्टंटबाजी एवं अन्य अवांछनीय गतिविधियों पर प्रभावी
नियंत्रण रखा जाए, पूर्व सत्यापन कर आवश्यक
वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी शिकायत पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई
की जाए।
ये अधिकारीगण रहें मौजूद
इस अवसर पर एडीजी भानु भास्कर, आयुक्त भानू चन्द्र गोस्वामी, डीआईजी कलानिधि नैथानी, सहारनपुर, अलीगढ़, मुरादाबाद मंडलों के कमिश्नर, डीआईजी, सीमावर्ती राज्यों के वरिष्ठ
पुलिस अधिकारीगण, जिलाधिकारी मेरठ डा. वीके सिंह, एसएसपी मेरठ अविनाश पांडे, प्रबंध निदेशक पीवीवीएनएल रवीश गुप्ता, सीडीओ मेरठ नूपुर गोयल, अपर आयुक्त अमित कुमार, नगर आयुक्त मेरठ सौरभ गंगवार, उपाध्यक्ष एमडीए संजय कुमार मीणा, जिला सूचना अधिकारी मेरठ सुमित कुमार, डीपीआरओ वीरेन्द्र सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित अन्य
संबंधित अधिकारी आयुक्त सभागार में भौतिक रूप से उपस्थित रहे। मेरठ, सहारनपुर, अलीगढ़, मुरादाबाद मंडल के समस्त जनपदों के संबंधित अधिकारी
एवं उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा व राजस्थान के संबंधित अधिकारीगण वर्चुअल
माध्यम से उपस्थित रहे।
.jpeg)
.jpeg)
No comments:
Post a Comment