नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। शिक्षा, अनुसंधान एवं नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्टता की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए शोभित विश्वविद्यालय, मेरठ के एआईसीटीई आइडिया लैब एवं आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) ने मैथवर्क्स के सहयोग से "मैटलैब आधारित लो-कोड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस" विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय स्तर की ऑफलाइन कार्यशाला का सफल आयोजन किया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं संकाय सदस्यों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की आधुनिक तकनीकों का उद्योगोन्मुखी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना था।
कार्यशाला का संचालन मोहिनी प्रीतम सिंह (मैथवर्क्स, एलुमनाई फैकल्टी एम्बेसडर, इंडिया, एमआईईटी, मेरठ) द्वारा किया गया। उन्होंने मैटलैब के लो-कोड एवं ऐप-आधारित वातावरण के माध्यम से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग मॉडल विकसित करने की संपूर्ण प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों को डेटा प्री-प्रोसेसिंग, मॉडल विकास, प्रशिक्षण, परीक्षण, दृश्यांकन एवं प्रदर्शन मूल्यांकन की तकनीकों से परिचित कराया गया। साथ ही स्वास्थ्य, रोबोटिक्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, डेटा विज्ञान एवं औद्योगिक स्वचालन जैसे क्षेत्रों में एआई के वास्तविक अनुप्रयोगों पर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर डॉ. अनिकेत कुमार , आईक्यूएसी समन्वयक,ने कहा कि शोभित विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को वैश्विक तकनीकी परिवेश के अनुरूप तैयार करने के लिए उद्योग-अकादमिक सहयोग को निरंतर सुदृढ़ कर रहा है। विश्वविद्यालय समय-समय पर ऐसे कौशल विकास कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों में अनुसंधान, नवाचार, उद्यमिता एवं उद्योगोन्मुखी दक्षताओं का विकास कर रहा है।
विश्वविद्यालय आइडिया लैब समन्वयक डॉ. जयंतो ने कहा कि एआईसीटीई आइडिया लैब विद्यार्थियों को नवीन तकनीकों पर कार्य करने, प्रोटोटाइप विकसित करने तथा उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल अर्जित करने के लिए आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध करा रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से इन अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यशाला में विश्वविद्यालय के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रशिक्षण के सफल समापन पर मैथवर्क्स द्वारा सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
यह कार्यशाला शोभित विश्वविद्यालय की नवाचार, उद्योग-अकादमिक सहयोग, अनुभवात्मक अधिगम एवं गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का एक प्रभावशाली उदाहरण रही।

No comments:
Post a Comment