श्रावण मास में मांस-मदिरा की दुकानों पर प्रतिबंध और धार्मिक नामों के दुरुपयोग पर रोक की मुख्यमंत्री से मांग
नित्य संदेश ब्यूरो
शामली। भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक एवं श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष विनीत अग्रवाल शारदा ने कहा कि मेरठ में निर्माणाधीन श्री अग्रोधाम हरियाणा के अग्रोहा धाम के बाद देश का दूसरा एवं सनातन संस्कृति का सबसे भव्य सेवा-धाम बनेगा।
प्रदेशव्यापी संगठन विस्तार अभियान के तहत मंगलवार को शामली में आयोजित श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए उन्होंने कहा कि आज भारत मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों, भगवान श्रीकृष्ण की लोकनीति और भगवान श्रीराम के वंशज महाराजा अग्रसेन के समानता, सेवा और एक ईंट एक रुपया के सिद्धांतों पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना ही सनातन संस्कृति का मूल है। प्रत्येक युवा का दायित्व है कि वह राष्ट्र निर्माण, समाज सेवा और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने कहा, राष्ट्र मेरा धर्म है, भारत माता मेरी माता है, वैश्य एवं व्यापारी समाज मेरी आत्मा है और व्यापारी का पसीना यदि इस धरती पर गिरेगा तो उसकी रक्षा के लिए मेरे खून का एक एक कतरा समर्पित रहेगा।
संगठन का विस्तार छह क्षेत्रों में
विनीत शारदा ने बताया कि श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट ने उत्तर प्रदेश को छह क्षेत्रों पश्चिम उत्तर प्रदेश, ब्रज क्षेत्र, कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र, अवध क्षेत्र, गोरखपुर-गोरक्षेत्र तथा काशी क्षेत्र में विभाजित कर प्रत्येक क्षेत्र में क्षेत्रीय इकाई तथा प्रत्येक जनपद में जिला इकाई गठित करने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में सर्वसम्मति से विशाल गुप्ता को श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट, शामली का जिला अध्यक्ष मनोनीत किया गया।
क्या होगा मेरठ के श्री अग्रोधाम में
उन्होंने बताया कि मेरठ में तीव्र गति से निर्माणाधीन इस विशाल परिसर में महाराजा अग्रसेन जी का भव्य मंदिर, अग्रवाल समाज की कुलदेवी माँ महालक्ष्मी का मंदिर, भगवान शिव-पार्वती परिवार का मंदिर, विशाल यज्ञशाला, बड़े सत्संग एवं सामाजिक आयोजनों हेतु सभागार, वरिष्ठ नागरिकों के लिए आधुनिक वृद्धाश्रम, 72 स्टूडियो अपार्टमेंट तथा लगभग 50 बेड का आधुनिक श्री अग्रसेन अस्पताल स्थापित किया जा रहा है। यह धाम आने वाली पीढ़ियों के लिए आस्था, सेवा, चिकित्सा और सामाजिक एकता का प्रेरणा स्थल बनेगा।
मुख्यमंत्री से दो बड़े आग्रह
विनीत अग्रवाल शारदा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ से आग्रह किया कि पवित्र श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए मांस एवं मदिरा की दुकानों पर आवश्यक प्रतिबंध लगाने अथवा उन्हें बंद रखने पर विचार किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण, भगवान शिव तथा अन्य देवी देवताओं के पवित्र नामों और धार्मिक प्रतीकों का उपयोग कर दुकानों के नाम रखे जाने पर रोक के लिए स्पष्ट नीति बनाई जानी चाहिए, जिससे सभी धर्मों की आस्था और गरिमा का सम्मान सुनिश्चित हो सके।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम का संयोजन विशाल गुप्ता ने किया तथा अध्यक्षता शामली के चेयरमैन अरविंद सिंघल ने की। इस अवसर पर ट्रस्ट के ट्रस्टी राजेश गोयल एवं दीपक गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। अग्रवाल समाज के गणमान्य नागरिकों ने विनीत अग्रवाल शारदा का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान वैभव गोयल, परवीन अग्रवाल, पवन बजरंगी, गौरीशंकर, रमेश अग्रवाल, शुभम तायल, चंचल गोयल, अमित बंसल, तरण अग्रवाल, महेश गोयल, एडवोकेट अंकित गुप्ता, अमित मित्तल, ईश्वर दयाल कंसल, सिद्धार्थ सहित अग्रवाल समाज के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment