Breaking

Your Ads Here

Tuesday, July 21, 2026

मेरठ के हुनर को मिली नई उड़ान, ओडीओपी से आत्मनिर्भर बन रहे युवा

 


-450 युवाओं को मिली आधुनिक टूलकिट, प्रशिक्षण के साथ स्टाइपेंड भी दे रही योगी सरकार

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। योगी सरकार की एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) प्रशिक्षण एवं टूलकिट योजना मेरठ के युवाओं के लिए आत्मनिर्भरता का मजबूत माध्यम बन रही है। जिले के पारंपरिक उत्पादों से जुड़े युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने के साथ उन्हें स्वरोजगार के लिए आवश्यक संसाधन भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अब तक जिले के 450 युवाओं को आधुनिक टूलकिट प्रदान की जा चुकी है, जिससे वे अपने हुनर को रोजगार में बदलने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।


मेरठ के खेल सामग्री, ढोलक और रेडीमेड गारमेंट्स उद्योग को नई पीढ़ी से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित इस योजना के तहत युवाओं को 10 दिनों का निःशुल्क तकनीकी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान प्रत्येक प्रशिक्षु को 200 रुपये प्रतिदिन का स्टाइपेंड भी दिया जाता है, ताकि आर्थिक कारण उनके कौशल विकास में बाधा न बनें। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद लाभार्थियों को लगभग 20 हजार रुपये मूल्य की आधुनिक टूलकिट निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती है। इन उपकरणों की मदद से युवा अपना स्वरोजगार शुरू करने के साथ ही पहले से चल रहे कार्य को भी आधुनिक तकनीक के अनुरूप आगे बढ़ा रहे हैं।


पारंपरिक उद्योगों को मिल रहे प्रशिक्षित हाथ, बढ़ रहा रोजगार

मेरठ देशभर में खेल सामग्री, ढोलक और रेडीमेड गारमेंट्स के उत्पादन के लिए अपनी अलग पहचान रखता है। ओडीओपी योजना के माध्यम से इन पारंपरिक उद्योगों के लिए प्रशिक्षित कारीगर तैयार किए जा रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों द्वारा उत्पादों की गुणवत्ता सुधारने, आधुनिक तकनीक अपनाने और बाजार की मांग के अनुरूप उत्पादन करने की जानकारी भी दी जाती है। इससे स्थानीय उद्योगों को कुशल मानव संसाधन मिल रहा है और रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं।


स्थानीय हुनर को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में प्रयास

योगी सरकार का लक्ष्य पारंपरिक उद्योगों को प्रोत्साहित करते हुए स्थानीय युवाओं को अपने जिले में ही रोजगार उपलब्ध कराना है। ओडीओपी योजना के जरिए कौशल विकास, आधुनिक उपकरण और आर्थिक सहयोग का समन्वय किया जा रहा है, जिससे मेरठ के उत्पादों की गुणवत्ता और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ रही है। सरकार की यह पहल स्थानीय हुनर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित हो रही है।उपायुक्त उद्योग अमरेश कुमार पांडे ने बताया कि ओडीओपी प्रशिक्षण एवं टूलकिट योजना का उद्देश्य केवल युवाओं को प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि उन्हें स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना है।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here