नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय आह्वान पर किसानों ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व में जनपद भर से सैकड़ों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर सवार होकर लगभग तीन हजार किसान कमिश्नरी चौराहे पर एकत्रित हुए। किसानों के जुटने से मेरठ कॉलेज के सामने जाम की स्थिति बन गई, जिसे जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने स्वयं संभालते हुए यातायात सुचारू कराया।
किसान कमिश्नरी के मुख्य द्वार पर एकत्रित हुए और मंडलायुक्त या उनके अधीनस्थ अधिकारी को ज्ञापन देने की मांग करने लगे। आधा घंटे तक कोई अधिकारी नहीं पहुंचा तो जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने 10 मिनट में अधिकारी के न आने पर गेट खोलकर अंदर घुसने की चेतावनी दी। इसके बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर आया और पांच मिनट में ही अपर मंडलायुक्त अमित कुमार किसानों के बीच पहुंचे।किसानों ने अपर मंडलायुक्त अमित कुमार को 210 समस्याओं का ज्ञापन सौंपा।
यह हैं किसानों की मुख्य समस्याएं -
खाद न मिलना, समितियों में ब्याज व खाद वितरण में भ्रष्टाचार, बिजली का लोड बढ़ना, तहसीलों में व्याप्त भ्रष्टाचार, गन्ना भुगतान में देरी, गांवों के तालाब और नालों की सफाई न होना और अमेरिका ट्रेड डील का विरोध।
इसके बाद किसान पैदल और ट्रैक्टर मार्च करते हुए जिला मुख्यालय कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान एसपी सिटी विनायक गोपाल ने किसानों को कलेक्ट्रेट न जाने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसान नहीं माने। कलेक्ट्रेट पहुंचकर कुछ ट्रैक्टर-ट्रॉलियां अंदर और कुछ बाहर खड़ी कर दी गईं, जिन्हें बाद में अनुराग चौधरी ने सड़क किनारे लगवाकर रास्ता पूरी तरह सुचारू करवा दिया।
कलेक्ट्रेट परिसर में मुखिया शुक्रमपाल की अध्यक्षता और हर्ष चहल व अनूप यादव के संयुक्त संचालन में किसान पंचायत शुरू हुई। पंचायत में जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने कहा कि तहसील स्तर पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है, अधिकारी किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं कर रहे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक माह में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो कमिश्नरी पर किसान महापंचायत कर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज पर प्रतिक्रिया देते हुए अनुराग चौधरी ने कहा कि छात्रों पर लाठीचार्ज गलत है, सरकार को वार्ता से समाधान निकालना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह स्वयं छात्र संघ के पूर्व महामंत्री रहे हैं और छात्रों से अपील करते हैं कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग उठाएं, किसी के बहकावे में न आएं।
बाद में जिलाधिकारी वीके सिंह कलेक्ट्रेट पहुंचे। एडीएम सिटी बृजेश सिंह, एडीएम भूमि, एडीएम राजस्व और एसपी सिटी की मौजूदगी में 25 सदस्यीय किसान प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के साथ लगभग एक घंटे तक वार्ता की और विस्तार से सभी समस्याएं बताईं। किसानों ने एक माह में समाधान की मांग रखी है।
वार्ता के बाद किसानों ने एडीएम सिटी और एसपी सिटी को संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा और एक माह में समाधान न होने पर महापंचायत के आह्वान के साथ पंचायत स्थगित कर शांतिपूर्ण तरीके से वापसी की।
इस दौरान रामबोस, देशपाल हुड्डा, विनेश छुर, सत्येंद्र तालियान, नरेश मवाना, रामफल शर्मा, मेजर सुरेन्द्र, अनूप यादव, हर्ष चहल सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment