Breaking

Your Ads Here

Thursday, July 2, 2026

जानी पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मुकदमा, एसकेडी ने की थी शिकायत

 


नित्य संदेश ब्यूरो

जानीखुर्द। मलियाना निवासी वंश कुशवाहा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने आनन फानन में हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। शोषित क्रांति दल द्वारा की गई शिकायत के बाद राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के संज्ञान में मामला आने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।


मिली जानकारी के अनुसार, 28 मई को टीपी नगर क्षेत्र के मलियाना निवासी वंश कुशवाहा पुत्र अमर सिंह की कथित रूप से उसके दो दोस्तों तथा उनके दो अन्य साथियों द्वारा भोला झाल में डुबोकर हत्या कर दी गई थी। परिजनों की पुलिस द्वारा सुनवाई ना करने पर शोषित क्रांति दल पीड़ितों के समर्थन में उतरा और कमिश्नरी पर धरना दिया था। संगठन का आरोप है कि घटना के एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद मेरठ पुलिस ने अब तक इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की, जिससे पीड़ित परिवार न्याय के लिए लगातार अधिकारियों के चक्कर काटने को मजबूर है। शोषित क्रांति दल का कहना है कि पीड़ित परिवार कई बार संबंधित अधिकारियों से मिल चुका है। परिवार एक बार जिलाधिकारी से, दो बार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से तथा कई बार सीओ सरधना से भी मिल चुका है, लेकिन फिर भी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया था।


दो लोगों के खिलाफ हुई एफआईआर

मंगलवार को शोषित क्रांति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविकांत के साथ पीड़ित परिवार ने राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष निरंजन ज्योति से मुलाकात की और घटना से अवगत कराया। आयोग की अध्यक्ष ने तुरंत आख्या के साथ एसएसपी को उपस्थित होने के आदेश दिए। जिसके बाद पुलिस ने आनन-फानन में हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव विश्नोई ने बताया कि इस मामले में दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here