नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ परिसर में गुरुवार को कुलपति प्रोफेसर संगीता शुक्ला ने मदर डेयरी के नवीन आउटलेट का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने फीता काटकर आउटलेट का शुभारंभ किया तथा उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं का अवलोकन भी किया।विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित इस आउटलेट पर मदर डेयरी के दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों के साथ-साथ ताजी सब्जियाँ, मौसमी फल, बिस्कुट, नमकीन तथा दैनिक उपयोग की अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री भी उपलब्ध रहेगी। इससे विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं, शोधार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं परिसर में आने वाले आगंतुकों को गुणवत्तापूर्ण एवं उचित मूल्य पर आवश्यक वस्तुएँ एक ही स्थान पर आसानी से प्राप्त हो सकेंगी।
इस अवसर पर कुलपति प्रोफेसर संगीता शुक्ला ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शिक्षा प्रदान करने का केंद्र ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के लिए एक समग्र एवं सुविधाजनक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को परिसर के भीतर ही गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और विश्वसनीय खाद्य सामग्री उपलब्ध होना समय की आवश्यकता है। मदर डेयरी आउटलेट की स्थापना से विशेष रूप से छात्र-छात्राओं और शोधार्थियों को बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी, जिससे उनके समय की बचत होगी और वे अपनी पढ़ाई एवं शोध कार्य पर अधिक ध्यान केंद्रित कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। परिसर में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार, स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण तथा आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता विश्वविद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है। भविष्य में भी छात्र-हितों को ध्यान में रखते हुए ऐसी सुविधाओं का विस्तार किया जाता रहेगा, ताकि विश्वविद्यालय परिसर आत्मनिर्भर, सुविधासंपन्न और विद्यार्थी-अनुकूल बन सके।
कार्यक्रम में कुलसचिव प्रोफेसर भूपेंद्र सिंह, वित्त अधिकारी रमेश चंद, प्रोफेसर वीरपाल सिंह, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक परिषद की अध्यक्ष प्रोफेसर नीलू जैन गुप्ता, समन्वयक प्रोफेसर कृष्णकांत शर्मा, प्रोफेसर दिनेश कुमार, डायरेक्टर रैंकिंग प्रोफेसर मृदुल कुमार गुप्ता, प्रोफेसर अनुज कुमार, डॉ. अलका तिवारी, डॉ. विवेक कुमार, डॉ. योगेंद्र कुमार गौतम, प्रेस प्रवक्ता मितेंद्र कुमार गुप्ता सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी , मदर डेयरी कंपनी के विभिन्न अधिकारी भी इस अवसर पर मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment