Breaking

Your Ads Here

Wednesday, July 22, 2026

ज्ञान नहीं, बल्कि चरित्र का निर्माण करना है शिक्षा का उद्देश्य: आनंदीबेन पटेल

 


भव्यता के साथ मना सीसीएसयू का 38वां दीक्षांत समारोह, 199 मेधावियों को मिले पदक

लियाकत मंसूरी

नित्य संदेश, मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय का 38वां दीक्षांत समारोह बुधवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में भव्य रूप से आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने की। समारोह में विभिन्न संकायों के कुल 199 मेधावी छात्र-छात्राओं को पदक प्रदान किए गए। इस वर्ष 75 प्रतिशत से अधिक पदक बेटियों ने प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।


राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के विभिन्न भवनों का ऑनलाइन लोकार्पण एवं शिलान्यास किया और 66,971 उपाधियों को डिजिलॉकर में शामिल किया। उन्होंने 5 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों मंजू कुमारी, शांति देवी, कमलेश, प्रथमा और सुखबीरी को आंगनबाड़ी किट वितरित की। लोककला, महिला सशक्तिकरण और हस्तशिल्प संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान के लिए रसीलाबेन कांजीभाई डुंगरिया को डी.लिट. (मानद) उपाधि से सम्मानित किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान प्राप्त करना नहीं, बल्कि चरित्र का निर्माण भी करना है। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह का जीवन सादगी, ईमानदारी और जनसेवा का अनुपम उदाहरण है। 

मुख्य अतिथि ICRISAT हैदराबाद के महानिदेशक डॉ. हिमांशु शुक्ला ने कहा कि नई तकनीक, अनुसंधान, कौशल एवं नवाचार से ही विकसित भारत का सपना साकार होगा। अति विशिष्ट अतिथि उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि डिग्री समाज के प्रति उत्तरदायित्व का संकल्प है, युवा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। इस अवसर पर विधायक गुलाम मोहम्मद, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह, कुलसचिव प्रो. भूपेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



काजल को मिला कुलाधिपति स्वर्ण पदक

कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने बताया कि वर्ष 2026 का कुलाधिपति स्वर्ण पदक एम.ए. (ड्राइंग एंड पेंटिंग) की छात्रा काजल को और डॉ. शंकर दयाल शर्मा स्वर्ण पदक एलएलएम की छात्रा मुक्ता भारद्वाज को प्रदान किया गया। बी.एससी. कृषि में वर्णिका शर्मा को प्रथम और रूचि कुमारी को द्वितीय स्थान पर चौ. चरण सिंह स्मृति प्रतिभा पुरस्कार दिया गया।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here