Breaking

Your Ads Here

Wednesday, July 8, 2026

एकेटीयू दीक्षांत समारोह में विद्या विश्वविद्यालय का परचम, गोल्ड-सिल्वर समेत पांच पदकों पर किया कब्जा


मेधावी विद्यार्थियों को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने पदक देकर किया सम्मानित

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। बागपत रोड स्थित विद्या विश्वविद्यालय के विद्या इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी की छात्राओं ने डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू), लखनऊ की वार्षिक परीक्षा और दीक्षांत समारोह में शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया। संस्थान की छात्राओं ने गोल्ड और सिल्वर मेडल सहित कुल पांच शीर्ष स्थान हासिल कर प्रदेशभर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

लखनऊ स्थित अटल बिहारी वाजपेयी कन्वोकेशन हॉल में आयोजित दीक्षांत समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं एकेटीयू की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने मेधावी छात्राओं को पदक प्रदान किए। बैचलर ऑफ फैशन एंड अपैरल डिजाइन (2022-26 बैच) की छात्रा विधि ने 9.64 सीजीपीए के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। वहीं सृष्टि गुप्ता ने 9.49 सीजीपीए के साथ द्वितीय स्थान हासिल करते हुए सिल्वर मेडल प्राप्त किया।

संस्थान की उपलब्धियां यहीं नहीं रुकीं। नंदिनी जैन ने पांचवीं, कनिष्का पुरी ने सातवीं और वैष्णवी प्रभाकर ने आठवीं रैंक हासिल कर विद्या विश्वविद्यालय की उपलब्धियों में चार चांद लगा दिए। इस तरह संस्थान की छात्राओं ने टॉप-10 में पांच स्थान हासिल कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। दीक्षांत समारोह में संस्थान की डीन डॉ. रीमा वार्ष्णेय भी मौजूद रहीं। छात्राओं की इस शानदार सफलता पर विद्या विश्वविद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है।

विद्या विश्वविद्यालय के चांसलर प्रदीप कुमार जैन, प्रो-चांसलर विशाल जैन एवं वाइस-चांसलर डॉ. हिरेन दोशी ने सभी छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्या विश्वविद्यालय प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए निरंतर प्रेरित करता रहेगा।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here