रवि गौतम
नित्य संदेश, परीक्षितगढ़। राजस्थान में 13 वर्षीय बालिका के साथ हुई जघन्य अपराध की घटना तथा उपचार के दौरान उसकी मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पूर्व में बीआरसी परीक्षितगढ़ ब्लॉक कार्यालय पर तैनात रहे तथा वर्तमान में कंपोजिट विद्यालय चितवाना शेरपुर के प्रधानाचार्य नीरज कुमार यादव ने विद्यालय में छात्राओं के बीच विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
प्रधानाचार्य श्री यादव ने छात्राओं को समाज में नैतिक मूल्यों के महत्व, सतर्कता, आत्मविश्वास तथा विपरीत परिस्थितियों में साहसपूर्वक मुकाबला करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्राओं से कहा कि यदि कभी किसी प्रकार की असामान्य या असुरक्षित स्थिति का सामना हो तो बिना संकोच अपने माता-पिता, शिक्षकों, परिजनों अथवा विश्वसनीय व्यक्तियों को तुरंत जानकारी दें और आवश्यक सहायता प्राप्त करें।
उन्होंने विभिन्न सोशल मीडिया समूहों के माध्यम से भी अभिभावकों, शिक्षकों एवं समाज के लोगों से अपील की कि वे बालिकाओं को मानसिक रूप से सशक्त, जागरूक और आत्मविश्वासी बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। उनका कहना था कि समाज चाहे तो केवल दर्शक बनकर बैठ सकता है, लेकिन यदि प्रत्येक व्यक्ति अभिभावक, शिक्षक, माता, सहेली और प्रहरी की भूमिका निभाए तो ऐसी घटनाओं की रोकथाम में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
इस जागरूकता अभियान में विद्यालय के शिक्षक इलम सिंह, रेखा, नीमा त्यागी, फिरोज तथा गांव के युवा राजू एवं आकाश सहित अन्य लोगों ने भी सहभागिता कर छात्राओं को जागरूक करने का संदेश दिया।
No comments:
Post a Comment