नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल की अध्यक्षता में आगामी श्रावण कांवड यात्रा को सकुशल संपन्न कराये जाने हेतु संबंधित अधिकारियो के साथ तैयारियो के संबंध में समीक्षा बैठक आहूत की गई। बैठक में नगर निगम, विद्युत विभाग, विद्युत सुरक्षा, पुलिस विभाग, लोक निर्माण विभाग, वन विभाग, सिंचाई, आरआरटीएस, जल निगम, पंचायती राज विभाग, खाद्य एवं रसद विभाग, खाद्य सुरक्षा स्वास्थ्य विभाग, एनएचएआई सहित अन्य संबंधित विभागो की तैयारियो की बिन्दुवार समीक्षा की गई। उन्होने कहा कि कांवड यात्रा को सुरक्षित, सकुशल संपन्न कराना हमारी प्राथमिकता है। समस्त संबंधित अधिकारी आपसी विभागीय समन्वय स्थापित करते हुये कार्यों में तेजी लाये। कांवड मार्ग का संबंधित अधिकारीगण लगातार भ्रमण कर समग्रता के साथ कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न की जाये।
उन्होने कहा कि कांवड मार्ग तथा मंदिरो के आसपास विद्युत व्यवस्था, पथ प्रकाश, साफ-सफाई, सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा व्यवस्था, साईनेज आदि व्यवस्थाओ को समय से पूर्ण करा लिया जाये। उन्होने नगर निगम, समस्त बीडीओ, ईओ, डीपीआरओ को समुचित साफ-सफाई, शौचालय, मोबाइल टॉयलेट, डिवाइडर आदि की व्यवस्था ससमय करने के निर्देश दिये। उन्होने एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग सहित समस्त संबंधित अधिकारियो को कांवड मार्ग पर गड्डा मुक्त/पेंचवर्क मरम्मत कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की तथा कार्य में तेजी लाये जाने के निर्देश दिये। सभी मार्गो पर साईनेज प्वाइंट का चिन्हांकन करते हुये कार्यवाही की जाये। नहर पटरी मार्ग पर स्नान वाले स्थानो को चिन्हित करते हुये चेतावनी बोर्ड, गोताखोर का नाम एवं मोबाइल नंबर चस्पा कराये जाने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें।
स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि चिकित्सा शिविर, एम्बुलेन्स प्वाइंट तथा आवश्यक स्वास्थ्य उपकरण, दवाई, मोबाइल बाइक एम्बुलेन्स, मोबाइल लाइट वैन, कर्मचारियो की डयूटी इत्यादि की कार्य योजना तैयार कर कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। उन्होने विद्युत विभाग एवं अन्य संबंधित विभाग के अधिकारियो को कांवड मार्ग पर पडने वाले विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर, विद्युत तार, खम्भो को पालिथीन से कवर करने आदि का भौतिक निरीक्षण कर कार्यवाही करने के निर्देश दिये। कांवड मार्गों की यातायात व्यवस्था, रूट डायवर्जन, प्रमुख स्थानो पर साईनेज, बैरिकेडिंग का प्लान बनाकर कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।
उन्होने कांवड मार्ग पर पडने वाले शिविरो में खाद्यान्न की गुणवत्ता, रेट लिस्ट इत्यादि के संबंध में कार्यवाही करने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि डीजे की ऊंचाई व ध्वनि मानक के अनुरूप हो, संबंधित के साथ बैठक करते हुये अभी से कार्यवाही की जाये। उन्होने कहा कि विभागो को जो भी कार्य एवं दायित्व सौंपे गये है उसी के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। उन्होने कहा कि संबंधित अधिकारी अपने स्तर पर पूर्व में की गई तैयारी की समीक्षा करते हुये कांवड यात्रा को बेहतर ढ़ग से सकुशल संपन्न कराये जाने हेतु आवश्यक कार्यवाही करना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर डीएफओ वंदना फोगाट, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 राम प्रसाद, अपर जिलाधिकारी नगर बृजेश सिंह, अपर जिलाधिकारी भूमि अध्यापति नवीन चन्द्र, नगर मजिस्ट्रेट नवीन कुमार श्रीवास्तव, एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव, समस्त एसडीएम, अपर नगर आयुक्त लवि त्रिपाठी, पीडीडीआरडीए सुनील कुमार सिंह, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी विनय कुमार सिंह, डीपीआरओ वीरेन्द्र सिंह, अधिशासी अभियन्ता लोक निर्माण विभाग सत्येन्द्र सिंह, समस्त बीडीओ, समस्त ईओ सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment