Breaking

Your Ads Here

Wednesday, July 1, 2026

मदरसे के प्रबंधक-प्रधानाचार्य पर मुकदमा दर्ज, फर्जी मान्यता से छात्रवृत्ति लेने का आरोप

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। लिसाड़ी गेट क्षेत्र में एक मदरसे पर फर्जी मान्यता के दस्तावेजों के आधार पर सरकारी छात्रवृत्ति लेने का आरोप लगा है। जांच में दस्तावेज संदिग्ध पाए जाने के बाद जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी की शिकायत पर सिविल लाइंस थाने में मदरसे के प्रबंधक और प्रधानाचार्य के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और सरकारी धन के दुरुपयोग सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।


जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी रूहेल आजम ने बताया कि जिला विद्यालय निरीक्षक के निर्देश पर लिसाड़ी गेट की चमन कॉलोनी स्थित सेवन ग्रेंड पब्लिक स्कूल की जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान, संस्था ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से मान्यता प्राप्त होने का दावा करते हुए कुछ दस्तावेज प्रस्तुत किए।


प्रस्तुत किए गए अभिलेखों के सत्यापन में सामने आया कि संबंधित संस्था का जिला अल्पसंख्यक कार्यालय में मदरसा के रूप में कोई पंजीकरण ही नहीं था। इसके बाद संस्था से मान्यता से संबंधित मूल रिकॉर्ड और अन्य प्रमाण मांगे गए, लेकिन प्रबंधन कोई वैध दस्तावेज उपलब्ध कराने में विफल रहा।


जांच में यह भी खुलासा हुआ कि संस्था ने वर्ष 2015-16 में मदरसा मान्यता समिति से स्वीकृति मिलने का दावा करते हुए कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और प्रस्तुत किए। इन्हीं फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सरकारी छात्रवृत्ति का लाभ उठाया गया, जिससे शासन को लाखों रुपये की आर्थिक क्षति होने की आशंका है।


जांच रिपोर्ट के आधार पर, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने मदरसे के प्रबंधक और प्रधानाचार्य के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि छात्रवृत्ति के नाम पर कितनी राशि निकाली गई और इस धोखाधड़ी में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता है या नहीं।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here