-जल शक्ति और जल संसाधन मंत्री
दिनेश खटीक करेंगे शुभारंभ
लियाकत मंसूरी
नित्य संदेश, मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 'एक पेड़ मां के नाम' वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत आज (12 जुलाई) मेरठ जनपद में हरियाली का महाअभियान चलाया जाएगा। वन विभाग और विभिन्न विभागों की ओर से जिलेभर में 30 लाख 83 हजार 600 पौधे लगाए जाएंगे। अभियान को लेकर जिला प्रशासन और वन विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जिला प्रशासन और वन विभाग की ओर से मुख्य कार्यक्रम महाभारतकालीन धरा
हस्तिनापुर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार
के जल शक्ति एवं जल संसाधन राज्य मंत्री दिनेश खटीक होंगे। उनके नेतृत्व में
पौधारोपण कर हरित प्रदेश अभियान का संदेश दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने पौधों की
उपलब्धता, विभागों की मांग, वृक्षारोपण स्थलों और अन्य तैयारियों की समीक्षा करते
हुए सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश
दिए। उन्होंने कहा कि अभियान से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे
किए जाएं। अभियान में जिले के मंत्री, सांसद, विधायक, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका एवं नगर पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि पौधारोपण
करेंगे। इसके लिए संबंधित विभागों को जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित करने के
निर्देश दिए गए हैं। प्रभागीय निदेशक मेरठ ने बताया कि जिन विभागों के मांग पत्र प्राप्त हो चुके हैं, उन्हें इंडेंट जारी कर आवश्यक संख्या में पौधे उपलब्ध
करा दिए गए हैं। अभियान की निगरानी के लिए शासन स्तर पर लोक निर्माण विभाग के सचिव
अनिल चौहान को मेरठ का नोडल अधिकारी बनाया गया है।
नगर निगम और विकास प्राधिकरण को मिली जिम्मेदारी
जिलाधिकारी ने नगर निगम मेरठ और मेरठ विकास प्राधिकरण को मेरठ कैंट क्षेत्र
में जनप्रतिनिधियों के पौधारोपण के लिए एक-एक उपयुक्त स्थल चयनित कर उसकी सूचना
प्रभागीय निदेशक को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा सभी नगर पालिका
परिषदों और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में एक-एक
स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला पंचायत और ग्राम पंचायत स्तर पर
भी जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
हर घंटे होगी अभियान की मॉनिटरिंग
अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए सुबह 6 बजे से प्रत्येक वृक्षारोपण स्थल से गड्ढों की खुदाई, पौधारोपण और फोटो सहित प्रगति रिपोर्ट हर घंटे मेरठ
स्थित कंट्रोल रूम को भेजी जाएगी। इससे अभियान की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी।
हस्तिनापुर में विकसित होंगे चार विशेष वन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हरित प्रदेश अभियान के तहत महाभारतकालीन धरती
हस्तिनापुर में 165 हेक्टेयर क्षेत्र में महाभारत
वाटिका, कपि वन, अन्नपूर्णा वन और अविरल धारा वन विकसित किए जाएंगे।
इसके अलावा गंगा एक्सप्रेसवे, कान्हा उपवन, परीक्षितगढ़, जानी सहित जिले के कई स्थानों पर बड़े स्तर पर पौधारोपण होगा।

No comments:
Post a Comment