नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ में 22 जुलाई को आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी।
दीक्षांत समारोह की तैयारियों के क्रम में रविवार को विश्वविद्यालय परिसर स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में व्यापक रिहर्सल आयोजित किया गया। रिहर्सल में उन सभी छात्र-छात्राओं को आमंत्रित किया गया जिन्हें समारोह के दौरान स्वर्ण पदक, विभिन्न पदक, डिग्री, प्रमाणपत्र एवं शोध उपाधि प्रदान की जानी है। रिहर्सल के दौरान विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर संगीता शुक्ला ने छात्र-छात्राओं को दीक्षांत समारोह की संपूर्ण प्रक्रिया, मंच पर आने-जाने की व्यवस्था, उपाधि एवं पदक ग्रहण करने की विधि तथा अनुशासन संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने सभी विद्यार्थियों से समय का विशेष ध्यान रखने, निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करने तथा समारोह की गरिमा बनाए रखने का आह्वान किया।विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि दीक्षांत समारोह को भव्य एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। रिहर्सल के माध्यम से समारोह की प्रत्येक गतिविधि का पूर्वाभ्यास कराया गया, ताकि 22 जुलाई को आयोजित होने वाला दीक्षांत समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

No comments:
Post a Comment