Breaking

Your Ads Here

Wednesday, July 15, 2026

पुलिस ने जनजागरूकता रैली के साथ किया , नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 अभियान का शुभारंभ

• 2500 विद्यार्थियों, NCC कैडेट्स, ट्रैफिक मित्रों, नगर सुरक्षा समिति, डॉक्टर्स एवं नागरिकों ने रैली में लिया उत्साहपूर्वक भाग


नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर। युवाओं एवं समाज को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति और उसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश में 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 विशेष जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। आज इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा पुलिस आयुक्त  संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में भव्य जनजागरूकता रैली निकालकर अभियान का शुभारंभ किया गया।

अभियान की शुरुआत पुलिस आयुक्त  द्वारा स्वयं तथा उपस्थित अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों, NCC कैडेट्स, विद्यार्थियों, चिकित्सकों एवं नागरिकों को नशे से दूरी है ज़रूरी अभियान के अवेयरनेस बैज लगाकर की गई। इस अवसर पर उन्होंने अभियान के लिए बनाए गए सेल्फी पॉइंट का भी लोकार्पण किया तथा स्वयं सेल्फी लेकर नागरिकों से इस जनआंदोलन से जुड़ने का संदेश दिया।


युवाओं को नशे से बचाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी: पुलिस कमिश्नर ने अपने संबोधन में पुलिस आयुक्त श्री संतोष कुमार सिंह ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य विशेष रूप से किशोरों एवं युवाओं को अवैध मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा उन्हें स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, भविष्य और पूरे समाज को प्रभावित करता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे और अपने आसपास के लोगों को भी नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करे।

15 दिनों तक चलेगा व्यापक जनजागरूकता अभियान: अभियान के अंतर्गत इंदौर पुलिस द्वारा विभिन्न विभागों, शैक्षणिक संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों के सहयोग से आगामी 30 जुलाई तक शहरभर में अनेक जनजागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।


नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ

पोस्टर, बैनर एवं पंपलेट वितरण

निबंध, चित्रकला, रील /शॉर्ट मूवी एवं अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताएँ

सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जागरूकता अभियान

वीडियो स्क्रीनिंग एवं जनसंवाद

शॉर्ट फिल्म एवं प्रेरक संदेशों का प्रसारण

आदि विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्परिणामों एवं उससे बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा।

2500 से अधिक लोगों ने ली नशामुक्ति की शपथ: इस अवसर पर विभिन्न स्कूलों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं, NCC कैडेट्स, नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों, ट्रैफिक मित्रों, ट्रेनी डॉक्टर्स, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों एवं नागरिकों सहित लगभग 2500 प्रतिभागियों ने अभियान में सहभागिता की।


पुलिस कमिश्नर ने सभी उपस्थितजनों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई तथा जनजागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली पुलिस आयुक्त कार्यालय, पलासिया से प्रारंभ होकर गिटार तिराहा, पलासिया चौराहा, घंटाघर चौराहा सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए 56 दुकान पर संपन्न हुई। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने नशा विरोधी संदेशों से युक्त तख्तियां, बैनर एवं पंप्लेट्स के माध्यम से नागरिकों को नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जागरूक किया।

रैली का सबसे विशेष आकर्षण एक रोबोट रहा, जिसने सबसे आगे चलते हुए नागरिकों को नशे से दूरी है ज़रूरी का संदेश दिया। रोबोट के माध्यम से दिया गया यह अभिनव जनजागरूकता संदेश लोगों के आकर्षण का केंद्र बना और बड़ी संख्या में नागरिकों ने इसके साथ संवाद एवं सेल्फी लेकर अभियान का समर्थन किया।


इस अवसर पर सभी  पुलिस अधिकारी  नगर सुरक्षा समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य, NCC कैडेट्स, ट्रैफिक प्रहरी, ट्रेनी डॉक्टर्स, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here