नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्वामी विवेकानन्द सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ के शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा सत्यजीत रे ऑडिटोरियम में ओपन योगासन चैंपियनशिप-2026 का भव्य एवं प्रेरणादायी शुभारंभ किया गया। "योग स्वास्थ्य के लिए, योग सद्भाव के लिए" की थीम पर आयोजित इस प्रतियोगिता में 30 विद्यालयों के लगभग 170 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और प्रतिभा का परिचय दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) ओम नारायण तिवारी, डीन, स्कूल ऑफ योगिक साइंसेज एंड नेचुरोपैथी, श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय, देहरादून; सुभारती विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) सी. मुनीश रेड्डी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज, कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) कृष्णमूर्ति, प्रो-चांसलर मेज. जन. (डॉ.) जी. के. थपलियाल, एसएम(सेनि.), शिक्षा संकाय के डीन प्रो. (डॉ.) पिंटू मिश्रा तथा शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. मंजू अधिकारी का विभाग की ओर से औपचारिक स्वागत किया गया। समारोह में विश्वविद्यालय के डीन, विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य, प्रशिक्षक, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में अभिभावक भी उपस्थित रहे। भारतीय परंपरा के अनुरूप मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) ओम नारायण तिवारी का स्वागत विश्वविद्यालय के सीईओ प्रो. (डॉ.) शल्या राज, कुलपति प्रो. (डॉ.) सी. मुनीश रेड्डी एवं प्रो-चांसलर मेजर जनरल (प्रो.) जी.के. थपलियाल द्वारा पटका एवं पौधा भेंट कर किया गया। वहीं विभागाध्यक्ष डॉ. मंजू अधिकारी एवं डीन प्रो. (डॉ.) पिंटू मिश्रा ने भी सीईओ, कुलपति एवं प्रो-चांसलर का पटका एवं पौधा भेंट कर सम्मान किया।
स्वागत भाषण देते हुए डॉ. मंजू अधिकारी ने कहा कि योग केवल शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और संतुलित जीवन का आधार है। इसके बाद अपने प्रेरक संबोधन में प्रो. (डॉ.) शल्या राज ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल और योग व्यक्ति के सर्वांगीण विकास के सशक्त माध्यम हैं तथा युवाओं को इन्हें जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए। उद्घाटन समारोह के दौरान प्रतिभागियों ने मनमोहक योग प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सामूहिक योग प्रदर्शन ने एकता, समन्वय और अनुशासन का उत्कृष्ट संदेश दिया, जबकि एम.ए. योग के छात्र तानिश कुमार एवं अभिषेक ने अपने प्रभावशाली एकल योगासन प्रदर्शन से संतुलन, लचीलापन और आत्मनियंत्रण का अद्भुत प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) ओम नारायण तिवारी ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने युवाओं से योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया। उन्होंने अपने 32 वर्षों के शिक्षण अनुभव तथा योग एवं नेचुरोपैथी के क्षेत्र में किए गए शोध एवं योगदान के माध्यम से प्रतिभागियों को उत्कृष्टता की दिशा में निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. (डॉ.) सी. मुनीश रेड्डी ने प्रतिभागियों से अनुशासन, समर्पण और खेल-भावना के साथ प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया। समारोह के अंत में विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन के साथ ओपन योगासन चैंपियनशिप-2026 का शुभारंभ घोषित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।


No comments:
Post a Comment