नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। एल.एल.आर.एम. मेडिकल कॉलेज के अस्थि रोग विभाग में कार्यरत डॉ. कृतेश मिश्रा ने प्रतिष्ठित UPOA लखनऊ–पुणे एक्सचेंज फेलोशिप इन एडवांस्ड आर्थ्रोस्कोपी एवं जॉइंट रिप्लेसमेंट को सफलतापूर्वक पूर्ण किया। यह फेलोशिप पुणे स्थित Sancheti Hospital में आयोजित की गई, जहाँ उन्होंने आर्थ्रोस्कोपी, स्पोर्ट्स इंजरी तथा जॉइंट रिप्लेसमेंट की आधुनिक एवं उन्नत तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
फेलोशिप के दौरान देश के अग्रणी विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में आधुनिक शल्य चिकित्सा तकनीकों, रोगी देखभाल तथा पुनर्वास की नवीन विधियों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ। इस प्रशिक्षण से क्षेत्र के मरीजों को अत्याधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। इस उपलब्धि पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ आर. सी. गुप्ता एवं मेडिकल कॉलेज के उप-प्राचार्य डॉ ज्ञानेश्वर टोंक (अस्थि रोग विभागाध्यक्ष) ने डॉ. कृतेश मिश्रा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के उन्नत प्रशिक्षण कार्यक्रमों से चिकित्सकों के ज्ञान एवं कौशल में वृद्धि होती है, जिसका प्रत्यक्ष लाभ मरीजों को मिलता है। इस अवसर के लिए डॉ. मिश्रा ने उत्तर प्रदेश ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन (UPOA) तथा सांचेती अस्पताल, पुणे के सभी शिक्षकों एवं आयोजकों का हार्दिक आभार व्यक्त किया।

No comments:
Post a Comment