नवीन मौर्य
नित्य संदेश, इंदौर। मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित देश की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षा NEET-UG री-एग्जाम 2026 रविवार को मध्यप्रदेश सहित देशभर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। प्रदेश में भोपाल के 32 केंद्रों समेत विभिन्न शहरों में परीक्षा आयोजित की गई। प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे, वहीं सख्त नियमों और समय-सीमा के कारण कई परीक्षा केंद्रों पर अफरा-तफरी के दृश्य भी देखने को मिले।
एनटीए (NTA) की गाइडलाइन के अनुसार दोपहर 1:30 बजे परीक्षा केंद्रों के गेट पूरी तरह बंद कर दिए गए, जिसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया गया।
जीपीएस ट्रैकिंग से लेकर बायोमेट्रिक सत्यापन तक कड़ी निगरानी...
री-नीट परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए एनटीए ने विशेष सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए। परीक्षा सामग्री ले जाने वाले वाहनों में जीपीएस ट्रैकिंग की व्यवस्था की गई तथा उन्हें सीआरपीएफ एस्कॉर्ट उपलब्ध कराया गया। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन, अतिरिक्त बायोमेट्रिक मशीनें और अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया गया।
परीक्षार्थियों को केवल पारदर्शी पानी की बोतल साथ ले जाने की अनुमति थी। परीक्षा केंद्रों पर सुबह 11 बजे से रिपोर्टिंग, बायोमेट्रिक सत्यापन और फ्रिस्किंग की प्रक्रिया शुरू हुई, जो दोपहर 1:30 बजे तक चली।
छात्रों ने कहा— अब निष्पक्ष परीक्षा का पूरा भरोसा...
परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे अभ्यर्थियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि इस बार की व्यवस्थाओं से उन्हें निष्पक्ष परीक्षा होने का पूरा भरोसा है।
परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की गई। वहीं दिव्यांग अभ्यर्थियों को नियमानुसार 65 मिनट अतिरिक्त समय प्रदान किया गया।
ड्रेसकोड का भी करना पड़ा पालन...
अभ्यर्थियों को हल्के रंग के साधारण वस्त्र पहनने के निर्देश दिए गए थे। मोटे कपड़े, बड़े बटन, अधिक जेबों वाले परिधान, आभूषण, घड़ी, बेल्ट तथा अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं पर रोक रही।
भोपाल और इंदौर में सबसे अधिक परीक्षार्थी
प्रदेश में सबसे अधिक परीक्षार्थी भोपाल और इंदौर में परीक्षा देने पहुंचे।
भोपाल : 13,774 परीक्षार्थी
इंदौर : 14,000 से अधिक
जबलपुर : 10,000
ग्वालियर : 5,000
छिंदवाड़ा : 4,303
गुना : 1,839
विदिशा : 1,709
नर्मदापुरम : 1,283
अशोकनगर : 865
पुलिसकर्मी की तत्परता से छात्रा समय पर पहुंची परीक्षा केंद्र
इंदौर में परीक्षा के दौरान एक भावुक कर देने वाला मामला सामने आया। रिया नामक छात्रा अपना आधार कार्ड हॉस्टल में भूल गई थी, जिससे वह काफी परेशान हो गई। प्रवेश नहीं मिलने की आशंका के बीच शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बाल विनय मंदिर केंद्र पर ड्यूटी दे रही पलासिया थाना की उपनिरीक्षक अभिरुचि ने उसकी मदद की।
उन्होंने छात्रा के परिजनों से संपर्क कर व्हाट्सएप पर आधार कार्ड की कॉपी मंगवाई। आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद छात्रा को परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया, जिससे वह समय पर परीक्षा में शामिल हो सकी।
इस मानवीय पहल की वहां मौजूद अभिभावकों और छात्रों ने सराहना की।






No comments:
Post a Comment