Breaking

Your Ads Here

Sunday, June 21, 2026

किठौर में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, पथराव और मारपीट में कई घायल, मची भगदड़

गुलाम मोहम्मद

नित्य संदेश, किठौर। मोहल्ला नई बस्ती बड़वालियांन में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप धारण कर लिया और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों, लोहे की रॉड तथा पाइपों से हमला बोल दिया गया। इतना ही नहीं, दोनों ओर से जमकर पथराव भी हुआ, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। घटना के दौरान खड़े वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई, जिससे इलाके की शांति और कानून व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति उत्पन्न हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही थाना किठौर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही मौके से मारपीट और पथराव में प्रयुक्त लोहे की दो रॉड, चार डंडे तथा ईंट-पत्थरों का पुलिंदा भी बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार पुरानी रंजिश को लेकर शुरू हुए विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया था। दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे के खिलाफ आक्रामक हो गए और गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई। सड़क पर हुए इस संघर्ष के कारण आसपास के लोगों में भय का माहौल बन गया और काफी देर तक क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देश तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी किठौर के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत थाना किठौर पुलिस ने इस मामले में सख्त कार्रवाई की। पुलिस ने दोनो पक्षों के गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में आरिफ पुत्र खलील अहमद, अमीरा अहमद पुत्र खलील अहमद, अबुजर पुत्र अकील, मुबारिक पुत्र जरीन, रोहिल पुत्र इकबाल, कादिर पुत्र इकबाल तथा अनस पुत्र इकबाल शामिल हैं। सभी आरोपी किठौर क्षेत्र के नई बस्ती और बड़वालियांन मोहल्लों के निवासी बताए गए हैं। किठौर थाना प्रभारी सुबोध कुमार सक्सेना ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक शांति भंग करने, मारपीट, पथराव और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है तथा किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here