नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। अंतराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शहीद मंगल पांडे राजकीय महिला पीजी कॉलेज की एनसीसी इकाई द्वारा महाविद्यालय प्राचार्य डा. अंजू सिंह एवं 22 यूपी गर्ल्स बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल होपेन्दर ठाकुर के संरक्षण तथा कैप्टन डा० लता कुमार के नेतृत्व में एनसीसी इकाई द्वारा योग दिवस का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर एक पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसका विषय था 'स्वस्थ जीवन के लिए योग'। इस अवसर पर कैडेट्स ने सुंदर-सुंदर पोस्टर का निर्माण किया और योग के प्रति अपनी जागरुकता को प्रकट किया। महाविद्यालय प्राचार्य प्रो अंजू सिंह ने सभी निर्मित पोस्टर का अवलोकन किया और कैडेट्स को स्वास्थ देखभाल में योग की भूमिका की जानकारी दी । कैडेट्स को संबोधित करते हुए आपने कहा कि वर्ष 2026 के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम "स्वस्थ आयु के लिए योग" है जिसका उद्देश्य सभी उम्र के लोगों में स्वास्थ्य, सहनशक्ति और मानसिक संतुलन को बढ़ावा देना है, ताकि बढ़ती उम्र में भी व्यक्ति सक्रिय और स्वतंत्र रह सके।
एनसीसी अधिकारी कैप्टन लता कुमार ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए बताया कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस इसलिए मनाया जाता है क्योंकि यह दिन उत्तरी गोलार्ध में साल का सबसे लंबा दिन होता है, जिसे 'ग्रीष्म संक्रांति' कहते हैं , इस दिन सूर्य की किरणें सबसे अधिक समय तक धरती पर रहती है जो आध्यात्मिक दृष्टिकोण से ऊर्जा और सकारात्मकता का प्रतीक है । पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान लांस कॉरपोरल मानविका ने, द्वितीय स्थान कैडेट अनुराधा ने तथा तृतीय स्थान कॉरपोरल तनुषा ने प्राप्त किया । निर्णायक मंडल में प्रोफेसर अनुजा गर्ग और डा मनीषा भूषण शामिल रहीं।
कार्यक्रम का आयोजन एनसीसी अधिकारी कैप्टन लता कुमार ने किया। महाविद्यालय प्राचार्य प्रोफेसर अंजू सिंह ने सभी कैडेट्स और एनसीसी इकाई को योग दिवस की शुभकामनाएं दी। अभियान में 15 कैडेट ने सहभागिता की। प्रातः काल में महाविद्यालय कैडेट्स ने 22 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी में जाकर संयुक्त रूप से योगाभ्यास किया।



No comments:
Post a Comment