Breaking

Your Ads Here

Thursday, June 18, 2026

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इंदौर विमानतल पहुंचीं एयरपोर्ट पर राज्यपाल-सीएम ने स्वागत किया; पांच दिन म. प्र. के दौरे पर रहेंगी


नवीन मौर्य

नित्य संदेश, इंदौर देश की प्रथम नागरिक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार को इंदौर पहुंचीं। देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट पर राज्यपाल मंगूभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति का यह दौरा मध्यप्रदेश के पांच दिवसीय आधिकारिक कार्यक्रमों की शुरुआत है।


राष्ट्रपति मुर्मू एयरपोर्ट से सीधे ओंकारेश्वर के लिए रवाना हुईं, जहां वे ज्योतिर्लिंग महादेव ओंकारेश्वर के दर्शन और पूजन करेंगी। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर ओंकारेश्वर और इंदौर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।


राष्ट्रपति का यह दौरा 18 से 22 जून तक चलेगा। 19 जून को वे अंतरराष्ट्रीय सिकल सेल दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष जागरूकता कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके बाद वे ग्वालियर और श्योपुर में आयोजित विभिन्न शासकीय कार्यक्रमों में भाग लेंगी। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए इंदौर और ओंकारेश्वर में प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है।

इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा के मुताबिक एयरपोर्ट और आसपास के क्षेत्रों को अस्थायी रूप से नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। वहीं 17 से 19 जून तक कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। ओंकारेश्वर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग पार्किंग और बसों की व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने आम नागरिकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे ट्रैफिक प्लान का पालन करें और अतिरिक्त समय लेकर यात्रा करें।


भारी वाहनों का रूट बदला

इंदौर-इच्छापुर मार्ग पर चलने वाले भारी मालवाहक वाहनों को डायवर्ट किया है। इंदौर से खंडवा जाने वाले भारी वाहन तेजाजी नगर, महू, मानपुर, धामनोद, खरगोन, भीकनगांव और देशगांव होते हुए खंडवा जाएंगे। सिमरोल से आने वाले वाहन मंडलेश्वर, कसरावद, खरगोन, भीकनगांव और देशगांव होकर खंडवा पहुंचेंगे।


बड़वाह से आने वाले वाहन मंडलेश्वर, कसरावद, खरगोन और भीकनगांव के रास्ते खंडवा जाएंगे। खंडवा से इंदौर जाने वाले भारी वाहन भीकनगांव, खरगोन और कसरावद होकर जाएंगे। मंडलेश्वर से आने वाले वाहन कसरावद और खलघाट के रास्ते इंदौर पहुंच सकेंगे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here