Breaking

Your Ads Here

Sunday, June 21, 2026

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आर्ट ऑफ लिविंग मेरठ ने दिया “हर घर योग, हर दिन योग” का संदेश, हुआ पौधारोपण


शरद त्रिपाठी

नित्य संदेश, मेरठअंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर आर्ट ऑफ लिविंग मेरठ द्वारा T.O.K. (Temple of Knowledge), बिजली बंबा बाईपास, मेरठ में विशेष योग, प्राणायाम, ध्यान एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया तथा मानसिक शांति, तनाव मुक्ति और बेहतर स्वास्थ्य के लिए योग के महत्व को समझा। इसी के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण किया गया और सभी ने लगाए गए पौधों की देखभाल करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर आर्ट ऑफ लिविंग के एपेक्स मेंबर एवं वरिष्ठ शिक्षक डॉ. शिवकांत अग्रवाल ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह मन, भावनाओं और चेतना को संतुलित करने वाली संपूर्ण जीवन पद्धति है। नियमित योग, प्राणायाम और ध्यान व्यक्ति के भीतर सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और एक तनावमुक्त, स्वस्थ एवं खुशहाल समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक गुरुदेव श्री श्री रविशंकर जी का संदेश है कि योग व्यक्ति को स्वयं से, समाज से और प्रकृति से जोड़ने का माध्यम है। इस वर्ष के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की भावना भी यही है कि योग को केवल एक दिन के आयोजन तक सीमित न रखकर इसे हर घर और हर व्यक्ति की दिनचर्या का हिस्सा बनाया जाए। बढ़ती मानसिक स्वास्थ्य चुनौतियों के बीच गुरुदेव श्री श्री रवि शंकर का आह्वान- योग को हर घर तक पहुंचाए।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने 'हर घर योग, हर दिन योग' 'एक व्यक्ति, एक पौधा' तथा 'तनाव मुक्त मन और स्वस्थ समाज' के संकल्प को अपनाते हुए योग एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here